अगले 48 घंटों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना, झारखंड-MP समेत कई राज्यों अलर्ट जारी

0
17
heavy rain alert
heavy rain alert

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र का असर अब कई राज्यों में दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक, कम दबाव का क्षेत्र झारखंड और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों के ऊपर पहुंच गया है. इसके प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटों के दौरान देश के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. 

कहां-कहां हो सकती है बारिश 

हालांकि, कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में मौसम में कुछ सुधार की उम्मीद है. इससे पहले लगातार हुई बारिश ने शहर की रफ्तार प्रभावित कर दी थी. इसके बावजूद पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. IMD के अनुसार, बुधवार सुबह तक पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, झाड़ग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर में भारी बारिश हो सकती है.

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 18 अगस्त को उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है. वहीं, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 और 19 अगस्त को तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. इसके अलावा ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रह सकती है.

कई राज्यों में पहले ही बरस चुकी आफत

पिछले 24 घंटों में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है. उत्तराखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ इलाकों में 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश हुई. वहीं छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई. 

समुद्र में उठेंगी ऊंची लहरें

मौसम विभाग ने उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश, ओडिशा तथा उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब रहने की चेतावनी दी है. 19 अगस्त की सुबह तक हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि झोंकों के दौरान गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है. मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में 18 से 21 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 19 और 20 अगस्त को कुछ इलाकों में मध्यम बारिश का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here