नई दिल्ली: खाकी वर्दी सिर्फ एक पोशाक नहीं बल्कि साहस, समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की पहचान है। वर्षों तक इसी वर्दी को अपनी शान बनाकर जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले दिल्ली पुलिस के 95 कर्मियों को उनकी लंबी सेवाओं के सम्मान में एक यादगार तोहफा मिला। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित भव्य पिपिंग समारोह में सेवानिवृत्त होने जा रहे 95 पुलिसकर्मियों को मानद पदोन्नति देकर उनके सेवाकाल का गौरव और बढ़ाया गया।
दिल्ली पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श सभागार में आयोजित इस विशेष समारोह की अध्यक्षता विशेष पुलिस आयुक्त (मानव संसाधन विकास) रॉबिन हिबू ने की। उन्होंने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के कंधों पर अगली उच्चतर रैंक के प्रतीक चिह्न लगाकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह अवसर केवल पदोन्नति का नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, त्याग और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को सलाम करने का भी था।
95 कर्मियों के कंधों पर सजा सम्मान का सितारा
मानद पदोन्नति योजना के तहत सम्मानित किए गए 95 पुलिसकर्मियों में सात हेड कांस्टेबलों को सहायक उपनिरीक्षक 23 सहायक उपनिरीक्षकों को उपनिरीक्षक और 65 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक का मानद पद प्रदान किया गया। इस तरह वर्षों तक पुलिस विभाग की जिम्मेदारियां निभाने वाले इन कर्मियों को सेवानिवृत्ति से पहले उनकी सेवाओं के अनुरूप अगली उच्चतर रैंक का सम्मान मिला।
वर्दी से विदाई नहीं, यादों और रिश्तों का रहेगा आजीवन साथ
समारोह को संबोधित करते हुए विशेष पुलिस आयुक्त रॉबिन हिबू ने सभी सम्मानित कर्मियों को बधाई दी और उनके लंबे सेवाकाल के दौरान दिखाए गए समर्पण, प्रतिबद्धता और बलिदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी पहनना अपने आप में गर्व और सम्मान की बात है। वर्दी में बिताया गया समय, जनता की सेवा के अनुभव और विभाग के साथ जुड़ी यादें जीवनभर गर्व का एहसास कराती रहेंगी।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। पुलिसकर्मियों को अपने सेवाकाल की यादों को संजोकर रखना चाहिए, क्योंकि यही यादें आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।
परिवार को दें समय, स्वास्थ्य का रखें ध्यान
विशेष पुलिस आयुक्त ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को सलाह दी कि वे अपने जीवन के नए दौर का भरपूर आनंद लें। अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें, सक्रिय रहें, घूमने-फिरने का समय निकालें और परिवार तथा नाती-पोतों के साथ यादगार पल बिताएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भले ही पुलिस सेवा से औपचारिक विदाई हो जाए, लेकिन दिल्ली पुलिस के साथ उनका रिश्ता कभी समाप्त नहीं होगा। जरूरत पड़ने पर दिल्ली पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।
समारोह में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मी और उनके परिजन मौजूद रहे। परिवार के सदस्यों के लिए भी यह गर्व और भावुकता से भरा पल रहा। वर्षों की ड्यूटी, चुनौतियों और जिम्मेदारियों के बाद कंधों पर सजी नई रैंक ने उनके सेवाकाल को एक विशेष सम्मान के साथ यादगार बना दिया।
Reported By: Pankaj Rai











