नई दिल्ली: प्यार जताने के लिए लोग अक्सर महंगे तोहफे खरीदते हैं, लेकिन अमेरिका के एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज करने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। उसने बाजार से सोने की अंगूठी खरीदने के बजाय खुद सोना इकट्ठा करने का फैसला किया। इसके लिए वह कई महीनों तक कोलोराडो की नदियों में सोने के छोटे-छोटे कण तलाशता रहा। आखिरकार उसकी मेहनत रंग लाई और उसने उन्हीं कणों से अपनी प्रेमिका के लिए एक खास अंगूठी बनवाई।
यह कहानी अमेरिका के व्हीट रिज शहर में रहने वाले जैक वल्कानी की है। जैक चाहते थे कि उनकी गर्लफ्रेंड जोआन को प्रपोज करने का पल बेहद खास हो और वह इसे जिंदगीभर याद रखे। इसी सोच के साथ उन्होंने खुद सोना खोजने का फैसला किया। वह लंबे समय तक कोलोराडो की नदियों में सोने के कण तलाशते रहे। काफी कोशिशों के बाद जैक को सोने के बारीक कण मिले। उन्होंने इन्हें इकट्ठा किया और फिर एक स्थानीय ज्वेलर के पास पहुंचे। वहां इस सोने की मदद से जोआन के लिए अंगूठी तैयार करवाई गई। जैक के लिए यह सिर्फ एक अंगूठी नहीं, बल्कि उनकी मेहनत और प्यार की निशानी थी।
हाइकिंग के दौरान किया प्रपोज, भावुक हुई जोआन
अंगूठी तैयार होने के बाद जैक ने जोआन को हाइकिंग पर ले जाने की योजना बनाई। वहां उन्होंने पहले उसे नदी में सोना खोजने के अपने सफर का वीडियो दिखाया। शुरुआत में जोआन को समझ नहीं आया कि जैक उसे यह वीडियो क्यों दिखा रहे हैं। लेकिन जब जैक ने बताया कि वीडियो में दिख रही मेहनत का मकसद उसके लिए सोना जुटाना और उससे अंगूठी बनवाना था, तो वह भावुक हो गई। अपनी प्रेमिका की आंखों में आंसू देखकर जैक ने उसे अंगूठी के साथ प्रपोज किया और पूछा, ‘Will You Marry Me?’ जोआन ने भी खुशी से हां कह दिया।
शादी की अंगूठी के लिए भी बचा है सोना
स्थानीय न्यूज चैनल 9न्यूज से बातचीत में जैक ने बताया कि वह इस पल को यादगार बनाना चाहते थे। शुरुआत में सोना ढूंढना काफी मुश्किल लगा, लेकिन उन्होंने इसे एक चुनौती की तरह लिया। उन्हें खुशी है कि वह अपने इरादे में सफल रहे।
जैक ने यह भी बताया कि उनके पास अभी इतना सोना बचा हुआ है कि उससे अपनी शादी की अंगूठी भी बनवा सकते हैं। उनका मानना है कि इन अंगूठियों से उनके रिश्ते की खास याद जुड़ी रहेगी। काम के कारण अगर भविष्य में दोनों को एक-दूसरे से दूर भी रहना पड़े, तो ये अंगूठियां उन्हें हमेशा उनके प्यार की याद दिलाती रहेंगी।












