चाचाओं ने जमीन विवाद के चलते की भतीजे की हत्या, पहले हाथ फिर गले पर किया तलवार से हमला

0
12

धनबाद: झारखंड के धनबाद में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रही पारिवारिक रंजिश का खौफनाक अंत हुआ है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के घोसकोडीह गांव में 32 वर्षीय दौलत राम महतो की कथित तौर पर उसके ही दो चाचाओं ने तलवार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि आरोपियों की मंशा मृतक के परिवार को भी निशाना बनाने की थी। हालांकि, इस पहलू की पुष्टि के लिए जांच जारी है।

यह घटना सोमवार, 26 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे की है। घोसकोडीह निवासी दौलत राम बाइक से राजगंज बाजार जा रहा था। घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर निरसा के निश्चयपुर इलाके में उसका सामना उसके चाचा त्रिवेणी महतो और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो से हुआ। आरोप है कि दोनों ने उसे रास्ते में रोककर तलवार से हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण दौलत राम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, दौलत राम ने शुरुआती हमले को हाथ से रोकने की कोशिश की, जिससे उसका हाथ भी कट गया। जान बचाने के लिए वह बाइक छोड़कर भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उस पर दोबारा वार किया। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इलाके में तनाव फैल गया।

20 साल से चल रहा था जमीन का विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर करीब दो दशक से विवाद चल रहा था। इसे सुलझाने के लिए कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन पारिवारिक रंजिश खत्म नहीं हुई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि इसी दुश्मनी के चलते उसकी हत्या की गई। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच के दौरान पूरे परिवार को खत्म करने की मंशा के संकेत मिले हैं। पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने वारदात के करीब दो घंटे के भीतर त्रिवेणी महतो (52) और सूर्यकांत महतो उर्फ विनोद महतो (48) को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, त्रिवेणी महतो राजगंज कॉलेज में प्रोफेसर है। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने खून लगी तलवार, मोटरसाइकिल, खून से सनी शर्ट और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मृतक की पत्नी प्रमिला देवी की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें दोनों गिरफ्तार आरोपियों के अलावा भाग्या देवी, विद्यापति महतो, सचिन महतो और पूर्णिमा देवी के नाम शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here