सफाई मित्रों के सम्मान और सेहत के लिए आगे आया केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय

0
9

नई दिल्ली: स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाने वाले हाथों की सेहत और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने विशेष अभियान 6.0 के तहत कर्तव्य भवन-1 में सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की देखभाल करने के साथ कार्यस्थलों पर स्वच्छता और साफ-सफाई की संस्कृति को मजबूत बनाना है।

राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने शिविर का दौरा किया 

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री तथा आयुष मंत्रालय के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने स्वास्थ्य जांच शिविर का दौरा किया और सफाई मित्रों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मंत्रालय परिसर को स्वच्छ और स्वच्छतापूर्ण बनाए रखने में उनके समर्पित योगदान की सराहना की। इस दौरान स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉ. एल.जी. कृष्णा भी मौजूद रहे।

परिसर का निरीक्षण और स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं 

मंत्री ने मंत्रालय के कार्यालय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति का जायजा भी लिया। स्वास्थ्य शिविर में सफाई मित्रों की लंबाई और वजन के आधार पर शरीर द्रव्यमान सूचकांक (बीएमआई), रक्तचाप, रक्त शर्करा और हीमोग्लोबिन की जांच की गई। इसके अलावा सामान्य चिकित्सा परामर्श, आंखों की प्रारंभिक जांच तथा कान, नाक और गले की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, ताकि संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान हो सके।

संवाद सत्र में संयुक्त सचिव ने आभार जताया

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित संवाद सत्र में मंत्रालय के संयुक्त सचिव एलांगबाम रॉबर्ट सिंह ने सफाई मित्रों से बातचीत की और उनकी सेवाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है। संवाद कार्यक्रम में सफाई मित्रों को अपने अनुभव, सुझाव और समस्याएं साझा करने का अवसर भी मिला।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here