BRICS Summit 2026: स्वच्छ सड़कें, फूलों के फव्वारे और 154 स्क्रीन से सज रही दिल्ली

0
8
RICS Summit, New Delhi, NDMC arrangements
pinterest

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन होने वाला है, जिसे लेकर दिल्ली में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। विदेशी मेहमानों के ठहरने के लिए लुटियंस दिल्ली के 10 बड़े होटल तैयार किए जा रहे हैं। इनमें ताज होटल, मौर्या शेरेटन, ली मेरिडियन, क्लेरिजेस, अशोका होटल, सम्राट होटल, लीला होटल, जनपथ होटल, शांगरी-ला और ताज मान सिंह शामिल हैं।

इसके साथ ही सम्मेलन से पहले नई दिल्ली इलाके को साफ और सुंदर बनाने पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। NDMC की टीमें सड़कों की सफाई के साथ हरियाली, रोशनी और दूसरी जरूरी सुविधाओं को बेहतर करने में जुटी हैं। 

41 सड़कों पर खास नजर

NDMC ने 41 प्रमुख सड़कों को 14 हिस्सों में बांटा है। हर हिस्से की जिम्मेदारी एक अधिकारी को दी गई है। वहीं ये अधिकारी अपने इलाके का रोज निरीक्षण करेंगे। बता दें, इन सड़कों में रायसीना रोड, संसद मार्ग, रफी मार्ग, अशोक रोड, जनपथ, कनॉट प्लेस, शांति पथ, एसपी मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग और लोधी रोड जैसे अन्य कई प्रमुख मार्गो को शामिल किया गया है।

खास बात है कि दिल्ली को बेहतर दिखाने के लिए 23 फूलों के फव्वारे, 15 फूलों से सजाए गए बोर्ड और 17 प्रमुख गोलचक्करों को सजाया जाएगा। इस दौरान जगह-जगह मौसमी फूल और पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही पेड़ों और झाड़ियों की छंटाई का काम भी किया जा रहा है।

24 घंटे होगी सफाई

9 से 14 सितंबर तक सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारी और रात में काम करने वाली टीमें तैनात रहेंगी। सड़कों की सफाई के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं जरूरत पड़ने पर अस्थायी कूड़ेदान और मोबाइल शौचालय भी लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं बारिश के कारण जलभराव न हो, इसके लिए नालियों की सफाई की जा रही है। सड़कों के गड्ढे भरने, खराब फुटपाथ ठीक करने और स्ट्रीटलाइट की जांच का काम भी लगातार जारी है।

154 स्क्रीन पर दिखेगी BRICS की ब्रांडिंग

दिल्ली में करीब 154 डिजिटल स्क्रीन पर BRICS से जुड़ी ब्रांडिंग दिखाई जाएगी। अवैध होर्डिंग और अतिक्रमण हटाने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। सम्मेलन के दौरान ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर भी खास नजर रखी जाने वाली है और जरूरत पड़ने पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। NDMC का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर 24 घंटे काम करेगा और CCTV व फील्ड टीमों के जरिए व्यवस्था पर नजर रखेगा। बता दें, इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए NDMC विदेश मंत्रालय, दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस और दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार काम कर रही हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here