पूर्व मिस स्विट्जरलैंड का डोनाल्ड ट्रंप पर रेप का आरोप, कहा- कपड़े फाड़े और लहूलुहान हालत में छोड़ा

0
9

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर गंभीर आरोपों में घिर गए हैं। पूर्व मिस स्विट्जरलैंड बीट्रिस केउल ने आरोप लगाया है कि 1993 में न्यूयॉर्क के एक होटल में ट्रंप ने उनके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। यह दावा अमेरिकी कांग्रेस की हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों की नई रिपोर्ट में शामिल है, जिसमें ट्रंप के जेफरी एपस्टीन के सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क से कथित कनेक्शन की जांच की गई है। व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और इसे राष्ट्रपति को निशाना बनाने की राजनीतिक साजिश बताया है।

क्या है रिपोर्ट में?

People.com के मुताबिक, रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप और एपस्टीन ने डोनाल्ड जे ट्रंप अमेरिकन ड्रीम पेजेंट का इस्तेमाल युवा महिलाओं को निशाना बनाने के लिए किया। इस पेजेंट में 16 से 22 साल की लड़कियां हिस्सा लेती थीं। आरोप है कि उन्हें शिक्षा, करियर और यात्रा में मदद का लालच देकर फंसाया जाता था।

केउल उस समय 24 साल की थीं और मॉडलिंग के साथ फाइनेंस सेक्टर में काम करती थीं। रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर 1993 में जिल हार्थ ने उन्हें अटलांटिक सिटी और न्यूयॉर्क में हो रहे पेजेंट में बुलाया था। केउल की मुलाकात ट्रंप से प्लाजा होटल में प्रेस लंच के दौरान हुई, जो उस समय ट्रंप की ही संपत्ति था। आरोप है कि ट्रंप ने उन्हें वीजा और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी में एडमिशन में मदद का ऑफर दिया।

इसके बाद एपस्टीन ने भी केउल से संपर्क कर ऐसी ही मदद की पेशकश की और फ्लोरिडा स्थित ट्रंप की मार-ए-लागो संपत्ति की पार्टी में बुलाया।

होटल के कमरे में वारदात का आरोप

रिपोर्ट में केउल के हवाले से कहा गया है कि बाद में ट्रंप के एक प्रतिनिधि ने उन्हें राष्ट्रपति से मिलने के लिए होटल के कमरे में बुलाया। करियर में मदद की उम्मीद में वह चली गईं। आरोप है कि कमरे में पहुंचते ही ट्रंप ने पीछे से पकड़कर उनके साथ बलात्कार किया। इस दौरान उनके कपड़े फट गए और शरीर पर चोट और खून के निशान थे। केउल ने इसे ‘जबरन और क्रूर’ बताया। आरोप है कि घटना के बाद ट्रंप ने कहा, ‘शो जारी रहना चाहिए’ और चुप रहने को कहा, साथ ही वीजा और एडमिशन में मदद का भरोसा दोहराया।

पेजेंट खत्म कर केउल स्विट्जरलैंड लौट गईं और ट्रंप के दूसरे पेजेंट में आने से मना कर दिया। बाद में ट्रंप ने स्विट्जरलैंड में भी उनसे संपर्क कर मदद की पेशकश की, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया।

व्हाइट हाउस का जवाब

व्हाइट हाउस प्रवक्ता लॉरेन बिस ने आरोपों को झूठा बताया और कहा कि ट्रंप ने एपस्टीन को अपने क्लब से निकाल दिया था। रिपोर्ट में जिल हार्थ के 1997 के यौन उत्पीड़न केस का भी जिक्र है। केउल के मामले में कोई आपराधिक केस दर्ज नहीं है, लेकिन ट्रंप पहले ई. जीन कैरोल मामले में दीवानी जूरी द्वारा यौन शोषण और मानहानि के लिए जिम्मेदार ठहराए जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here