बाइक की टक्कर से महिला श्रद्धालु की मौत

0
8

वृंदावन: पानीगांव संपर्क मार्ग पर कैलाश नगर मोड़ के समीप सोमवार शाम सड़क पार कर रही दो महिला श्रद्धालुओं को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। हादसे में हैदराबाद निवासी 65 वर्षीय सत्यम अम्मा की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद 60 वर्षीय अनुराधा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

दर्शन के लिए आई महिलाएं सड़क पार करते समय हादसे का शिकार  

जानकारी के अनुसार, हैदराबाद के आसिफ नगर निवासी सत्यम अम्मा और अनुराधा वृंदावन में दर्शन करने आई थीं। सोमवार शाम दोनों कैलाश नगर मोड़ के समीप पानीगांव संपर्क मार्ग पर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद बाइक सवार रुकने के बजाय मौके से भाग निकले।

अस्पताल में एक को मृत घोषित, दूसरी का इलाज जारी

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों महिलाओं को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सत्यम अम्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनुराधा का उपचार जारी है। महिला की मौत की खबर से उनके परिजनों और साथ आए लोगों में शोक छा गया।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, फरार बाइक सवारों की तलाश 

पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के बाद फरार हुए बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here