नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मामूली विवाद किस तरह खूनी संघर्ष में बदल सकता है इसका एक मामला शाहबाद डेयरी इलाके में सामने आया है। तस्वीरों को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
तस्वीरों के विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती
बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि 25 अक्टूबर को सलमा चौक डी-ब्लॉक शाहबाद डेयरी के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान घायल रवि कुमार को बाबासाहेब आंबेडकर अस्पताल में भर्ती पाया। घायल के बयान के मुताबिक हनुमान मंदिर के पास कुछ लोगों ने उसे रोककर तस्वीरों से जुड़े विवाद में मारपीट की। आरोप है कि एक युवक ने उस पर चाकू से दो वार किए जबकि सनी और आकाश ने लात-घूंसों से हमला किया। राम प्रसिद्ध पर अन्य आरोपियों को घायल को खत्म करने के लिए उकसाने का आरोप है। इस मामले में शाहबाद डेयरी थाने में प्राथमिकी संख्या 690/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109(1)/3(5) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार
यह कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज विजय सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम लोकेश्वरन आर. के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त बवाना गौरव सिंह की निगरानी में टीम गठित टीम ने की, थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राम सिंह, हेड कांस्टेबल भीम सिंह, नीरज और आशीष तथा कांस्टेबल कार्तिक ने कार्रवाई करते हुए चारों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों में 17 वर्ष छह माह का एक नाबालिग, आकाश (25) सनी (22) और राम प्रसिद्ध (46) शामिल हैं। पुलिस अब वारदात की पूरी कड़ी और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
Reported By: Pankaj Rai












