नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे पर आज विकास और देश की सैन्य ताकत, दोनों की झलक देखने को मिलेगी। भारतीय वायुसेना के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए काशी पहुंचे प्रधानमंत्री ने सबसे पहले अरविंद मिल का उद्घाटन किया। इस गारमेंट फैक्ट्री के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके बाद उन्होंने करीब 300 महिलाओं से संवाद किया। अब सभी की नजरें भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन पर हैं, जहां आधुनिक लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के करतब देखने को मिलेंगे।
भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर एयर शो आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हवाई प्रदर्शन देखेंगे। आसमान में तेजस, राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड सहित कई विमान अपनी ताकत दिखाएंगे। इनके साथ परिवहन विमान भी प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। तीन दिवसीय एयर शो की शुरुआत गुरुवार को हुई थी। हालांकि, राज्य में विधान परिषद चुनाव के कारण शुक्रवार को हवाई प्रदर्शन नहीं हुआ। अब कार्यक्रम के अगले चरण में दर्शकों को कई रोमांचक हवाई करतब देखने का मौका मिलेगा।
सेना और नौसेना के विमान भी होंगे शामिल
इस एयर शो में केवल वायुसेना ही नहीं, बल्कि भारतीय सेना और भारतीय नौसेना के विमान भी हिस्सा लेंगे। अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच तालमेल और संयुक्त अभियानों की क्षमता को प्रदर्शित करना है। कार्यक्रम में वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने करतब दिखाएंगी। इन टीमों के प्रदर्शन में विमानों की सटीक उड़ान और हेलीकॉप्टरों का तालमेल देखने को मिलेगा।
पीएम मोदी के स्वागत के लिए काशी में खास इंतजाम
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए नमो घाट और उनके यात्रा मार्ग पर विशेष तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शहर को 32 जोन, 50 सेक्टर और 80 सब-सेक्टर में बांटा गया है। पूरे इंतजाम की निगरानी के लिए करीब 11,900 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
पुलिस लाइन से नमो घाट तक कई स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। यहां ढोल-नगाड़ों, डमरू वादन, शंखनाद और सांस्कृतिक नृत्य के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। रास्ते में ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजेंगे। उनके काफिले के गुजरने के दौरान पुष्पवर्षा की भी तैयारी है।
वाराणसी के बाद भुवनेश्वर जाएंगे प्रधानमंत्री
वाराणसी में कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचेंगे। वहां वह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नए डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। यह दौरा औद्योगिक विकास, रक्षा क्षमताओं और तकनीकी सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।












