नई दिल्ली: राजधानी में विदेशी मुद्रा बदलने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पूर्वी जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने पर्दाफाश किया है। टैक्सी चालक को सऊदी रियाल देने का झांसा देकर 2 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने 45 वर्षीय सादिक शेख को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की आवाजाही का सुराग जुटाया।
पहले जीता भरोसा, फिर दो लाख पर किया हाथ साफ
पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि शिकायतकर्ता अखिलेश कुमार ऐप आधारित मंचों पर टैक्सी चलाते हैं। 13 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में एक व्यक्ति ने उनसे सऊदी मुद्रा बदलने के लिए संपर्क किया। शुरुआती लेन-देन के जरिए भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने बड़ी रकम बदलने का लालच दिया। 17 अक्टूबर को शिकायतकर्ता दो लाख रुपये लेकर मंगलम रेड लाइट क्षेत्र पहुंचा। प्रेस एन्क्लेव बस स्टैंड के पास आरोपियों ने सऊदी रियाल से भरा बैग दिखाकर नकदी वाला बैग बदल लिया। जांच करने पर उसमें नोटों की जगह अखबार निकले। आरोपी रकम लेकर फरार हो गए।
500 कैमरों की पड़ताल से गिरफ्तारी तक पहुंची पुलिस
मधु विहार थाने में 18 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इंस्पेक्टर प्रमोद के नेतृत्व में एएटीएस टीम ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज और जमीनी जांच के जरिए संदिग्धों की पहचान की। सादिक शेख को गिरफ्तार कर आगे की जांच के लिए मधु विहार थाने के जांच अधिकारी को सौंप दिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का प्रीत विहार थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में भी संलिप्तता का रिकॉर्ड है। अन्य संदिग्धों की भूमिका और ठगी गई रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
Reported By: Pankaj Rai












