नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर दोस्ती क्रिकेट की दुनिया में रसूख का दावा और निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच! साइबर ठगी के इस कथित खेल में दिल्ली पुलिस की एक महिला कांस्टेबल को ही निशाना बना लिया गया। आरोपी ने पहले इंस्टाग्राम पर संपर्क साधा फिर व्हाट्सऐप पर नजदीकियां बढ़ाईं और आखिरकार निवेश के नाम पर करीब 24 लाख रुपये की चपत लगा दी। मामले में केंद्रीय जिला साइबर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी 26 वर्षीय विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर को गिरफ्तार किया है।
दोस्ती से शुरू हुआ ठगी का कथित खेल
मध्य जिला डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस की कांस्टेबल शिवानी ने दर्ज कराई थी। आरोप है कि विक्रांत ने इंस्टाग्राम पर उनसे संपर्क कर दिल्ली पुलिस में खेल कोटे के तहत भर्ती संबंधी मार्गदर्शन लेने की बात कही। इसके बाद बातचीत व्हाट्सऐप पर पहुंच गई। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को क्रिकेट जगत की प्रमुख हस्ती के रूप में पेश किया और महिला कांस्टेबल का भरोसा जीतकर निवेश पर ऊंचे रिटर्न का लालच दिया।
बचत, कर्ज और उधार की रकम भी गंवाई
आरोपी के कथित झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अपने एक्सिस बैंक खाते में जमा बचत रकम ट्रांसफर कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने 12 लाख रुपये का व्यक्तिगत बैंक ऋण भी लिया और परिचितों से अतिरिक्त रकम उधार लेकर दे दी। पुलिस के अनुसार इस तरह कुल करीब 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के निर्देश पर लगभग आठ लाख रुपये 1एक्स डॉट कॉम सट्टेबाजी मंच से जुड़े बैंक खातों में भेजे गए।
मुलाकात के दौरान अभद्रता का भी आरोप
मामले में आर्थिक धोखाधड़ी के साथ एक गंभीर आरोप भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार आमने-सामने मुलाकात के दौरान आरोपी ने महिला की कमर को अनुचित तरीके से छूकर उनकी गरिमा भंग करने का प्रयास किया।
साइबर पुलिस की जांच तेज
केंद्रीय जिला साइबर थाने में 8 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2) और 74 के तहत प्राथमिकी संख्या 271/2026 दर्ज की गई थी। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान करने में जुटी है। विस्तृत जांच के बाद आगे की जानकारी जारी की जाएगी।।कार्रवाई करने वाली टीम, केंद्रीय जिला साइबर थाना
दिल्ली पुलिस मध्य जिला डीसीपी की अपील सोशल मीडिया पर किसी की पहचान रसूख या मुनाफे के वादे पर भरोसा कर अपनी जमा-पूंजी दांव पर न लगाएं। निवेश से पहले पूरी जांच करें और किसी के कहने पर कर्ज लेकर पैसा ट्रांसफर न करें।












