रोहिणी में जुए के अड्डे पर पुलिस का धावा, सात गिरफ्तार

0
10

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध जुए के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रोहिणी जिले की दक्षिण रोहिणी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेक्टर-3 स्थित एक फ्लैट में कथित तौर पर जुआ खेल रहे सात लोगों को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार किया। मौके से एक लाख 21 हजार 500 रुपये नकद और जुए में इस्तेमाल किए जा रहे ताश के पत्ते बरामद किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि दक्षिण रोहिणी थाने की पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर-3 के एक फ्लैट में कुछ लोग ताश के पत्तों के जरिए जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर छापा मारा और सात लोगों को कथित रूप से जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान नकदी और ताश के पत्ते बरामद हुए।

कानून का शिकंजा, सातों आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में दक्षिण रोहिणी थाने में प्राथमिकी संख्या 424/2026 के तहत दिल्ली सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1955 की धारा 3 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई दक्षिण रोहिणी थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह के नेतृत्व तथा रोहिणी के सहायक पुलिस आयुक्त बृज मोहन मीणा की निगरानी में की गई। टीम में उपनिरीक्षक भारत लोचब, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह, राधेश्याम, मुकेश कुमार और कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे। डीसीपी शशांक जायसवाल ने कहा कि जिले में अवैध जुए का खेल खेलने वालों पर कानून की नजर है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here