नई दिल्ली: देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा में पहुंचने का सपना लेकर दिल्ली आए एक युवा अभ्यर्थी की मौत से इलाके में शोक का माहौल है। पुराने राजेंद्र नगर में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय युवक का शव उसके बंद फ्लैट में फंदे से लटका मिला। प्रारंभिक जांच में पढ़ाई से जुड़े मानसिक तनाव की बात सामने आई है।
फ्लैट में मिला शव, सुसाइड नोट बरामद
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर 2 बजकर 38 मिनट पर मकान नंबर 11ए/16, पुराने राजेंद्र नगर में फंदे से लटककर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट के अंदर 25 वर्षीय अल्ता भरत कुमार रेड्डी को मृत अवस्था में पाया। वह मूल रूप से आंध्र प्रदेश का रहने वाला था और दिल्ली में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
पढ़ाई के तनाव का संकेत, पुलिस कर रही जांच
पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें पढ़ाई से जुड़े तनाव और अवसाद का संकेत बताया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में फिलहाल किसी तरह की साजिश या अन्य गड़बड़ी के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मानसिक स्वास्थ्य पर फिर उठे सवाल
सवाल यही है कि सफलता की दौड़ में युवाओं के मानसिक तनाव को समय रहते कौन समझेगा? यह घटना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक सहयोग की जरूरत को फिर सामने लाती है।
Reported by: Pankaj Rai












