किस केंद्रीय मंत्री ने दिया अभिजीत दीपके को पार्टी में आने का प्रस्ताव? जानें पूरा घटनाक्रम

0
12

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के गठन के बाद से उसके विरोध प्रदर्शनों की चर्चा तेज है। पहले नीट पेपर लीक मामले को लेकर पार्टी ने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद अब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP और विपक्षी दल मुंबई-दिल्ली समेत कई शहरों में सड़कों पर हैं। इसी बीच CJP फाउंडर अभिजीत दीपके को केंद्र सरकार के एक मंत्री ने बड़ा ऑफर दे दिया है।

हिरासत से बाहर आने के बाद अभिजीत दीपके अब आगे की रणनीति तैयार कर रहे हैं, तभी केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने उन्हें अपनी पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया है।

‘2029 में भी मोदी ही कैप्टन’

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि 2029 लोकसभा चुनाव में भी सत्ता परिवर्तन नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा, “मोदी ही हमारे कैप्टन हैं और मैं उनका प्लेयर हूं। पीएम मोदी का बेड़ा मजबूत है, वह राहुल गांधी का विकेट लेंगे।” अठावले ने दीपके को रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) ज्वाइन करने की पेशकश करते हुए कहा कि अगर वह सच्चे अंबेडकरवादी हैं तो उन्हें युवाओं को जोड़ने के लिए RPI (A) में आना चाहिए। उन्होंने कहा, “उन्हें इस बारे में सोचना चाहिए, वह बाबासाहेब अंबेडकर के विचारों से हमारी पार्टी को मजबूत कर सकते हैं।”

पहले दी थी चेतावनी

यह पहला मौका नहीं है जब अठावले ने दीपके को लेकर बयान दिया हो। इसी महीने की शुरुआत में उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल जारी रहा तो उनकी पार्टी आंदोलन करेगी। अठावले ने कहा था, “दीपके महाराष्ट्र से आते हैं, दलित समाज से आते हैं। मुंबई में विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन मेरी सलाह है कि नीट पेपर लीक के बाद अब ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए आंदोलन करने की जरूरत नहीं है। सीजेपी के प्रदर्शन से ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे।”

कौन हैं रामदास अठावले?

रामदास अठावले महाराष्ट्र के दिग्गज नेता हैं और RPI (A) के अध्यक्ष हैं। वह 2016 से लगातार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं और 2014 से महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं। इससे पहले वह 1999 से 2009 तक पंढरपुर और 1998-99 में मुंबई उत्तर-मध्य से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। 90 के दशक में वह महाराष्ट्र सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं। अपने चुटीले अंदाज और शायरियों के लिए अठावले अक्सर सुर्खियों में रहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here