अरवल में जाम से मिलेगी निजात, 6 अरब की लागत से बनेगा 12.8 KM लंबा बाईपास

0
8

पटना: अरवल शहर में लगने वाले रोज के जाम से लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। शहर की ट्रैफिक समस्या को खत्म करने के लिए ग्रीनफील्ड बाईपास का निर्माण किया जाएगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने पिछले साल ही 12.8 किलोमीटर लंबे बाईपास की मंजूरी दे दी थी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 6 अरब रुपये की लागत आएगी। बाईपास सदर प्रखंड के 20 मौजा और 756 प्लॉट से होकर गुजरेगा।

इसके लिए कुल 55.874 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। यह बाईपास एनएच 139 के प्रसादी इंग्लिश बाजार से शुरू होगा और समाहरणालय के पूरब मोथा गांव होते हुए पिपरा बंगला गांव के पास फिर से एनएच 139 में ही मिल जाएगा।

भगत सिंह चौक पर रोज लगता है जाम

राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर वाहनों का दबाव काफी ज्यादा है, जिसके कारण अरवल शहर में हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। खासकर भगत सिंह चौक पर हालत सबसे ज्यादा खराब है, जहां एनएच 139 और एनएच 33 मिलते हैं। यहां हर दिन रुक-रुक कर लंबा जाम लगता है। इससे पैदल चलने वालों से लेकर स्कूली बच्चों तक को परेशानी झेलनी पड़ती है। कई बार तो एम्बुलेंस को निकालने में भी ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूट जाते हैं।

दुकानदारों को भी होगी राहत

जाम की वजह से शहर के दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित होता है। ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते और पूरा बाजार जाम में फंसा रहता है। बाईपास बनने के बाद बड़े वाहन शहर के बाहर से ही निकल जाएंगे। इससे शहर के अंदर ट्रैफिक का लोड काफी कम हो जाएगा। बाईपास के निर्माण से न सिर्फ अरवल शहर बल्कि उमैराबाद और बैदराबाद में भी जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। लोगों को घंटों जाम में फंसने से छुटकारा मिलेगा और आवागमन आसान हो जाएगा। प्रशासन का कहना है कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here