सफेद धोती, हाथ में लाठी और पीछे पुलिस, दिल्ली में 'गांधी जी' की दौड़ का वीडियो वायरल

0
9

नई दिल्ली: दिल्ली में इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स महात्मा गांधी के हुलिये में सड़क पर भागता नजर आ रहा है। सफेद धोती, चश्मा और हाथ में लाठी लिए वह शख्स कनॉट प्लेस के पास पालिका बाजार की ओर दौड़ रहा है, और उसके पीछे दिल्ली पुलिस के जवान भी भागते दिख रहे हैं।

वीडियो में बैकग्राउंड से किसी की आवाज आती है, ‘अरे गांधी जी, कहां भाग रहे हैं?’ भागने के दौरान उस शख्स के हाथ से लाठी भी गिर जाती है, लेकिन वह रुकता नहीं और सीढ़ियों की तरफ दौड़ता हुआ निकल जाता है। पूरा मंजर किसी फिल्म के सीन जैसा लग रहा है और सोशल मीडिया पर लोग इस पर खूब चुटकी ले रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

बता दें, यह वीडियो कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी थी। आशंका थी कि बड़ी संख्या में समर्थक जंतर-मंतर पहुंच सकते हैं, इसलिए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

इस दौरान जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई गई और पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी सामने आए जिनमें लोगों को बसों में बैठाकर ले जाया जा रहा है।

अनोखे अंदाज में पहुंचे प्रदर्शनकारी

इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि लोग अलग-अलग अंदाज में विरोध जताने पहुंचे थे। किसी के हाथ में अनोखे पोस्टर थे तो किसी ने खास वेशभूषा बनाई हुई थी। इसी बीच गांधी जी के लुक वाले शख्स का यह वीडियो सामने आया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और वायरल वीडियो को लेकर जांच की बात कही जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here