नई दिल्ली: चलती ट्रेन।आधी रात का सन्नाटा और हाथ में लाखों की ज्वेलरी से भरा बैग आरोपी को लगा कि वारदात को अंजाम देकर वह अंधेरे में गायब हो जाएगा लेकिन रेलवे पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी जांच ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने चलती ट्रेन में करीब 12 लाख रुपये की ज्वेलरी से भरे बैग की झपटमारी का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से झपटी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।
चलती ट्रेन में झपटा बैग, लेकिन खाकी की नजर से नहीं बच पाया आरोपी
रेलवे डीसीपी बी भारतरेड्डी ने बताया कि 23 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे राजस्थान के बीकानेर निवासी दिलीप सोनी अपने चार साथियों के साथ सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन से ट्रेन संख्या 12457 बीकानेर एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन रात करीब 11:42 बजे दयाबस्ती रेलवे स्टेशन के पास पहुंची ही थी कि अचानक एक अज्ञात युवक ने उनके दाहिने हाथ में पकड़ा हरे रंग का बैकपैक झपट लिया और चलती ट्रेन से नीचे कूदकर फरार हो गया।
पीड़ित के मुताबिक बैग में तीन हार, एक चूड़ी, दो चिक, दो पेंडेंट सेट तथा अन्य आभूषण रखे हुए थे। इसके अलावा पहचान और निजी दस्तावेज तथा कपड़े भी बैग में थे। पीड़ित ने पूरी संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई। वारदात की सूचना मिलते ही सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर संख्या 33/2026, दिनांक 24 सितंबर 2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।
‘सुराग छोटा था, लेकिन पुलिस की नजर बड़ी थी’
वारदात के बाद आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। इसके लिए थाना सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने लगातार खुफिया सूचना, तकनीकी इनपुट और मैदानी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान और उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने का प्रयास शुरू किया। कई स्तरों पर जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम आरोपी तक पहुंच गई। आखिरकार 5 अक्टूबर 2026 को टीम ने इस मामले में शोएब को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वारदात में झपटी गई संपत्ति की 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली।
बरामदगी ने खोली पूरी वारदात की तस्वीर
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से हरे रंग का बैकपैक, तीन हार, एक चूड़ी, दो चिक, दो पेंडेंट सेट और अन्य बिखरे हुए आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें थाना आनंद पर्वत में वर्ष 2021 का मामला, थाना दिल्ली कैंट में वर्ष 2022 का मामला, थाना सराय रोहिल्ला में वर्ष 2022 का मामला और थाना रूप नगर में वर्ष 2017 का मामला शामिल हैं। इन मामलों में चोरी, झपटमारी, बरामदगी तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी।
जिसे लगा था ट्रेन से कूदकर बच जाएगा, वह अब पुलिस की गिरफ्त में है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक शंभू प्रसाद नंबर 208/रेलवे, हेड कांस्टेबल सुरजीत यादव नंबर 609/रेलवे, कांस्टेबल दीपक नंबर 840/रेलवे, कांस्टेबल सुनील नंबर 845/रेलवे कांस्टेबल मनजीत नंबर 865/रेलवे और कांस्टेबल राजेश नंबर 956/रेलवे शामिल रहे। पूरी कार्रवाई रेलवे के पुलिस उपायुक्त बी. भारत रेड्डी सहायक पुलिस आयुक्त ओडीएसडी संजीव छाहर और सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन थाना प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार की निगरानी में की गई। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसने इस तरह की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था अथवा नहीं।
Reported by: Pankaj Rai












