होर्मुज से गुजरते जहाज पर मिसाइल हमला, 11 भारतीय घायल, मची अफरा-तफरी

0
12

नई दिल्ली: होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर कमर्शियल जहाज को निशाना बनाया गया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार को पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी ऑन पीस पर ओमान तट के पास मिसाइल से हमला किया गया है। इस हमले में 12 क्रू मेंबर्स घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय नाविक शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि ओमान के अधिकारियों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और फिलहाल उनका इलाज ओमान के खासब में चल रहा है। जहाज पर कुल 19 लोग सवार थे, जिनमें से 17 भारतीय नागरिक हैं। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और मदद के लिए ओमान सरकार का आभार जताया है।

भारत ने की हमले की निंदा

विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे जहाजों पर हमले बेहद चिंताजनक हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “कमर्शियल जहाजों, नाविकों और नागरिक ढांचे पर हमले बंद होने चाहिए और अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से आवाजाही और व्यापार को जल्द बहाल किया जाना चाहिए।”

बता दें, यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब होर्मुज और उसके आसपास टैंकरों पर हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं। रॉयटर्स के मुताबिक सिर्फ अक्टूबर के पहले हफ्ते में ही कम से कम सात टैंकरों पर हमले हुए, जिनमें कुवैत का एमटी काज़िमा और लाइबेरिया का लिपसी भी शामिल है।

पहले भी निशाने पर आए भारतीय नाविक

भारतीय नाविक पहले भी इन हमलों का शिकार हुए हैं। जुलाई में ईरान ने ओमान के जलक्षेत्र में यूएई से जुड़े दो टैंकरों एमटी मोम्बासा और एमटी अल बहियाह पर क्रूज मिसाइलों से हमला किया था, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत और 10 अन्य घायल हुए थे। बता दें, होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल और एलएनजी की सप्लाई होती है। यहां किसी भी तरह की बाधा से तेल के दाम बढ़ते हैं, माल ढुलाई महंगी होती है और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा पर खतरा बढ़ जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here