राइस मिलरों ने लिए अहम फैसले, 2000 मीट्रिक टन तक सभी मिलरों को बराबर मिलेगा धान

0
9

रतिया: रतिया शहरी राइस मिलर एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को एमआर जिंदल राइस मिल में एसोसिएशन के प्रधान मोनू जिंदल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में रतिया शहर के सभी राइस मिलर शामिल हुए। धान खरीद सीजन को लेकर आयोजित बैठक में खरीद प्रक्रिया, धान के समान वितरण और एसोसिएशन के सामूहिक निर्णयों को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले सर्वसम्मति से लिए गए।

सीधे ट्रॉली से धान ले जाने पर 51 हजार रुपये का दंड  

बैठक में स्पष्ट निर्णय लिया गया कि कोई भी राइस मिलर सीधे ट्रॉली से अपने शेलर में धान नहीं लेगा। यदि कोई मिलर एसोसिएशन के फैसले की अवहेलना करते हुए सीधे ट्रॉली से धान अपने शेलर में लेता पाया गया तो उसके खिलाफ एसोसिएशन की ओर से 51 हजार रुपये का दंड लगाया जाएगा तथा यह राशि गौशाला की पर्ची के रूप में कटवाई जाएगी।

सभी मिलरों को समान अवसर देने पर जोर 

एसोसिएशन ने मंडी से खरीदे जाने वाले धान के समान वितरण को लेकर भी अहम फैसला लिया। तय किया गया कि सभी राइस मिलरों को बराबर मात्रा में धान उपलब्ध करवाया जाएगा। पहले प्रत्येक मिलर को 2000 मीट्रिक टन तक धान पूरा करवाया जाएगा। जिस मिलर का 2000 मीट्रिक टन माल पूरा हो जाएगा, उसका गेट पास एक बार बंद करवा दिया जाएगा, ताकि अगले मिलर को धान उपलब्ध करवाया जा सके। इस व्यवस्था का उद्देश्य सभी मिलरों को खरीद प्रक्रिया में समान अवसर उपलब्ध करवाना है।

17 प्रतिशत नमी और एफएक्यू गुणवत्ता की धान ही खरीदी जाएगी  

बैठक में यह भी सर्वसम्मति से तय किया गया कि कोई भी राइस मिलर मंडी में पीआर धान की खरीद के लिए स्वयं नहीं जाएगा। संबंधित खरीद एजेंसी का इंस्पेक्टर ही सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार धान की खरीद करेगा। 17 प्रतिशत नमी वाली सूखी एवं एफएक्यू गुणवत्ता की धान ही खरीद में शामिल की जाएगी।
खरीद के बाद धान को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित शेलरों में भेजा जाएगा।

फैसलों के उल्लंघन पर 5 लाख रुपये का जुर्माना  

एसोसिएशन ने यह भी निर्णय लिया कि यदि कोई राइस मिलर बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए फैसलों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत दी जाएगी। इसके साथ ही एसोसिएशन की ओर से 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने का निर्णय लिया गया।

मिलरों की सर्वसम्मति से सहमति  

बैठक में मौजूद राइस मिलरों ने धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित करने तथा सभी मिलरों को समान अवसर देने के लिए लिए गए फैसलों पर सहमति जताई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here