कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। बंगाली सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री और तृणमूल कांग्रेस की पूर्व राज्यसभा सांसद कोयल मल्लिक सोमवार 5 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। भाजपा ने एक दिन पहले ही उन्हें राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था और जॉइनिंग के साथ ही उन्होंने अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है।
‘भाजपा में आकर गर्व हो रहा’
वहीं भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोयल मल्लिक ने कहा कि भाजपा परिवार का हिस्सा बनकर वह बेहद सम्मानित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा, “मुझे भाजपा में आकर गर्व और खुशी हो रही है। पिछले कुछ महीनों में बंगाल में जो बदलाव और विकास हुआ है, उसे देखकर मैं प्रभावित हूं। मैं जनता की सेवा करना जानती हूं और मेरे लिए मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है।”
#WATCH | Kolkata: Former Trinamool Congress (TMC) MP Rukmini Mallick, popularly known as actress Koel Mallick, officially joins the BJP in Kolkata. The Bharatiya Janata Party has announced her as its candidate for the upcoming Rajya Sabha by-election in West Bengal. (Source: West Bengal BJP)
— ANI (@ANI) October 5, 2026
इसके साथ ही कोयल ने कहा कि राज्यसभा जैसे उच्च सदन में जाकर लोगों के लिए काम करने का मौका मिलना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महासचिव शशि अग्निहोत्री ने कहा कि कोयल जैसी लोकप्रिय और शिक्षित महिला के आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। वे आज ही अपना पर्चा दाखिल करेंगी।
कौन हैं कोयल मल्लिक?
बता दें, कोयल मल्लिक का असली नाम रुक्मिणी मल्लिक है। वे बंगाल के दिग्गज अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी हैं और बंगाली फिल्मों की टॉप अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने 6 अप्रैल को टीएमसी की ओर से राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ली थी, लेकिन सिर्फ तीन महीने में ही 16 जुलाई को उन्होंने इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि 2026 विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ी। उनका कार्यकाल 2032 तक था।
क्या है राज्यसभा का गणित?
बंगाल की एकमात्र खाली राज्यसभा सीट पर 16 अक्टूबर को चुनाव होना है। उसी दिन यूपी और उत्तराखंड की 11 सीटों पर भी वोटिंग होगी। जुलाई में कोयल के इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी। कोयल से पहले सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी टीएमसी छोड़ चुके हैं और अब भाजपा में हैं। विधानसभा में भाजपा के पास बहुमत होने के कारण कोयल मल्लिक की जीत लगभग तय मानी जा रही है।












