वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल आया सामने, भारत-पाकिस्तान की इस दिन होगी जंग; देखें भारत का पूरा कार्यक्रम

0
7

नई दिल्ली: क्रिकेट के महाकुंभ 2027 वनडे वर्ल्ड कप का कार्यक्रम आ चुका है। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे मिलकर कर रहे हैं। पिछली बार फाइनल तक पहुंचने वाली भारतीय टीम शुभमन गिल की कप्तानी में खिताब की दावेदारी पेश करेगी। भारत को ग्रुप A में जगह मिली है। उसके साथ मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, सह-मेजबान जिम्बाब्वे और एक क्वालीफायर टीम है। दूसरी तरफ ग्रुप B में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका और एक क्वालीफायर टीम रखी गई है।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केप टाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा। इसके तीन दिन बाद, 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से टक्कर होगी। तीसरा मुकाबला 14 अक्टूबर को सेंचुरियन में अफगानिस्तान के खिलाफ है, जबकि 17 अक्टूबर को टीम ब्लोमफोंटेन में क्वालीफायर टीम से खेलेगी। ग्रुप चरण का आखिरी मैच 24 अक्टूबर को विक्टोरिया फॉल्स स्टेडियम में सह-मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ होगा।

सुपर-7 का समीकरण

लीग चरण के बाद 25 अक्टूबर से सुपर-7 शुरू होगा। इसमें दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें और बाकी टीमों में से सबसे बेहतर चौथी टीम जगह बनाएगी। आईसीसी वनडे रैंकिंग (30 सितंबर) के आधार पर भारत को A1, ऑस्ट्रेलिया को A2 और पाकिस्तान को A3 की सीडिंग मिली है। ग्रुप B से न्यूजीलैंड B1, दक्षिण अफ्रीका B2 और श्रीलंका B3 हैं, जबकि इंग्लैंड AB4 है। अगर कोई सीडेड टीम बाहर हो जाती है, तो उसकी जगह क्वालीफाई करने वाली टीम को वही सीड मिलेगी।

भारत के संभावित सुपर-7 मैच

संभावित कार्यक्रम के मुताबिक भारत 28 अक्टूबर को विक्टोरिया फॉल्स में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका और 4 नवंबर को पार्ल में न्यूजीलैंड से मुकाबला होगा। 7 नवंबर को केप टाउन में भारत-पाकिस्तान की एक और टक्कर हो सकती है, बशर्ते दोनों टीमें सुपर-7 में पहुंचें। फिर 11 नवंबर को गेबेरहा में इंग्लैंड और 14 नवंबर को डरबन में श्रीलंका से मैच खेला जाएगा।

पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर को केप टाउन में और दूसरा 18 नवंबर को सेंचुरियन में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबला 21 नवंबर को वांडरर्स स्टेडियम में होगा। फाइनल तक पहुंचने के लिए किसी भी टीम को 11 मैच खेलने पड़ेंगे। भारतीय फैंस की नजर अब इस पर है कि टीम पिछली बार की कसक मिटाकर ट्रॉफी उठा पाती है या नहीं। कठिन ग्रुप और लंबे कार्यक्रम को देखते हुए फिटनेस और खिलाड़ियों का सही संयोजन सबसे अहम रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here