दिल्ली में नारे, भाषण, जुलूस और प्रदर्शन पर पाबंदी; कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश-निकास अगले आदेश तक बंद

0
7

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नई दिल्ली जिले में सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू किए जाने के साथ ही कई प्रमुख इलाकों में भीड़ जुटने, जुलूस निकालने और प्रदर्शन जैसी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। इसी बीच दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने 11 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास को अगले आदेश तक बंद रखने की सूचना जारी की है।

‘दरवाजे बंद, लेकिन सफर जारी’

डीएमआरसी के अनुसार जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास फिलहाल बंद रहेंगे।

हालांकि यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि राजीव चौक, मंडी हाउस, आईएनए, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर मेट्रो लाइनों के बीच इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यानी यात्री इन स्टेशनों पर लाइन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या बाहर से प्रवेश करने की सुविधा बंद रहेगी।

नई दिल्ली जिले में ‘पांच’ से आगे भीड़ पर रोक

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जारी महत्वपूर्ण सूचना में कहा गया है कि बिना पूर्व लिखित अनुमति के पांच या उससे अधिक लोगों की सार्वजनिक सभा या जमावड़ा नहीं किया जा सकेगा। इसके साथ ही जुलूस, प्रदर्शन, धरना, पिकेटिंग, नारेबाजी और भाषण पर भी रोक रहेगी। इतना ही नहीं, बिना अनुमति आग्नेयास्त्र, बैनर, पोस्टर, लाठी, तलवार, डंडे, ईंट-पत्थर या इस तरह की अन्य वस्तुएं लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

सुरक्षा पहले, बाकी सब बाद में’

प्रशासन की ओर से नागरिकों, आगंतुकों और सभी संबंधित लोगों से निषेधाज्ञा का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी तरह के अनधिकृत जमावड़े या प्रतिबंधित गतिविधि से बचना होगा। आदेश का उल्लंघन करने पर बीएनएस की धारा 223 और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

फिलहाल दिल्ली के प्रमुख मेट्रो मार्गों और नई दिल्ली जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। डीएमआरसी की ओर से बंद किए गए स्टेशनों को लेकर कहा गया है कि प्रवेश और निकास अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here