भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां एक रिटायर्ड IAS अधिकारी की उन्हीं के घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे घर में काम करने वाले शख्स का हाथ हो सकता है, जो घटना के बाद से लापता है। मृतक की पहचान राकेश अग्रवाल के रूप में हुई है, जो अपनी पत्नी के साथ रहते थे। यह मामला रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर इलाके का है। सुबह जब घटना की खबर फैली, तो आसपास के लोग सन्न रह गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में एक अहम बात सामने आई है। राकेश अग्रवाल ने घर के कामकाज के लिए सिर्फ दो दिन पहले ही एक हाउस हेल्प को रखा था। घर में आने के दो दिन के भीतर ही यह वारदात हो गई और अब वही नौकर गायब है। इसी वजह से पुलिस का शक सबसे पहले उसी पर गया है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और दूसरे वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है। पुलिस घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।
सिलेंडर से घर उड़ाने की कोशिश?
फिलहाल पुलिस को यह पता नहीं चल सका है कि हत्या क्यों की गई। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने वारदात के बाद घर को सिलेंडर से उड़ाने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो सका। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार नौकर की तलाश में जुटी है। उसके पकड़े जाने के बाद ही हत्या की असली वजह और पूरी कहानी साफ हो पाएगी।












