फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मलवां थाना क्षेत्र के एक कस्बे में सोमवार शाम एक फल कारोबारी के घर में हुए तेज धमाके ने मकान की ऊपरी दो मंजिलों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। इस हादसे में मलबे में दबने और झुलसने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना की जानकारी शाम करीब 5:30 बजे पीआरवी के जरिए मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। हालांकि गली संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया।
16 कर्मियों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, 7 लोग निकाले गए
पुलिस और फायर ब्रिगेड के करीब 16 कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों की तलाश शुरू की। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सात लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया। फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि इनमें से दो घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है।
गैस सिलेंडर फटने की आशंका, जांच जारी
एसपी के मुताबिक, घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ में एक सिलेंडर फटने की बात सामने आई है। मौके से चार गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं, जिनमें से दो के फटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस भीषण विस्फोट की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, और फॉरेंसिक व फायर विभाग की टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं। धमाके के कारण मुख्य मकान की दो मंजिलें पूरी तरह ढह गईं, वहीं आसपास के कुछ मकानों की बीम को भी नुकसान पहुंचा है, हालांकि वहां किसी जनहानि की खबर नहीं है।
रात में भी जारी रहा राहत कार्य
राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस के मुताबिक, रात में मलबा हटाने के काम में कोई रुकावट न आए, इसके लिए बिजली विभाग और स्थानीय स्तर पर रोशनी की व्यवस्था की जा रही है, और जरूरत पड़ने पर बड़ी लाइटें भी मंगाई जाएंगी। अगर मलबे में किसी और व्यक्ति के दबे होने की जानकारी मिलती है, तो रेस्क्यू ऑपरेशन आगे भी जारी रखा जाएगा।
इस हादसे के बाद घर के मालिक सुरेश उर्फ धुन्नर गुप्ता की भी सदमे से तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें भी मेडिकल सहायता दी गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें अभी घटनास्थल पर मौजूद हैं, और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर यह विस्फोट किन हालातों में और क्यों हुआ।











