मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बुड्ढाखेड़ा में घुड़चढ़ी के दौरान दूल्हे द्वारा हर्ष फायरिंग करने का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दूल्हा अपने किसी दोस्त या रिश्तेदार के साथ रथ पर खड़ा दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में लंबी बंदूक है और आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं।
वीडियो में दूल्हे द्वारा फायरिंग का दृश्य
इसी दौरान एक युवक बंदूक संभालने में उसकी मदद करता नजर आता है। कुछ ही देर बाद दूल्हा बंदूक ऊपर की ओर तानकर फायर कर देता है। गोली चलने के बाद बंदूक से धुआं उठता भी वीडियो में दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो फेसबुक स्टोरी के जरिए सामने आया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। घुड़चढ़ी में काफी लोग मौजूद थे। ऐसे में भीड़ के बीच इस तरह फायरिंग किए जाने से वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हर्ष फायरिंग पर प्रशासन की सख्ती और चिंता
हर्ष फायरिंग को लेकर प्रशासन लगातार सख्ती बरतने के निर्देश देता रहा है। शादी समारोहों में हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच चर्चा है। वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान और मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Reported by: Rohit












