नई दिल्ली: दिल्ली मंडल के भैणी खुर्द–तरावड़ी रेलवे स्टेशनों के बीच समपार संख्या-77 के स्थान पर सीमित ऊंचाई वाले भूमिगत मार्ग (एलएचएस) के निर्माण कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे की ओर से आरसीसी बॉक्स डालने के लिए सुरक्षा प्लेट लगाने और हटाने से संबंधित कार्य के लिए करीब तीन घंटे का विद्युत एवं यातायात ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते कई ट्रेनों के मार्ग और समय में बदलाव किया गया है।
उत्तर रेलवे के अनुसार निर्माण कार्य के कारण 28 सितंबर और 14 अक्टूबर 2026 को कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। 11905 आगरा कैंट–होशियारपुर अपने निर्धारित नई दिल्ली–पानीपत–अंबाला कैंट–चंडीगढ़–लुधियाना मार्ग के बजाय नई दिल्ली–जींद/जाखल–धूरी–लुधियाना होकर चलेगी। इस दौरान पानीपत, करनाल, अंबाला कैंट और चंडीगढ़ के ठहराव प्रभावित रहेंगे।
इसी तरह 12414 जम्मूतवी–अजमेर को कुरुक्षेत्र–नरवाना–शकूरबस्ती–दिल्ली जंक्शन मार्ग से चलाया जाएगा। इस ट्रेन का करनाल स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा और कुरुक्षेत्र में दिशा परिवर्तन किया जाएगा।
इन ट्रेनों के समय में भी बदलाव
20434 श्री माता वैष्णो देवी कटरा–सूबेदारगंज को कटरा से शाम 5:15 बजे रवाना किया जाएगा, यानी निर्धारित समय से करीब 120 मिनट की देरी से।
14054 कार्तोली पंजाब–दिल्ली जंक्शन को रात 10 बजे रवाना किया जाएगा, जो करीब 65 मिनट विलंबित रहेगा।
12266 जम्मूतवी–दिल्ली सराय रोहिल्ला को जम्मूतवी से रात 8:45 बजे चलाया जाएगा, यानी करीब 90 मिनट की देरी से।
वहीं 14053 दिल्ली जंक्शन–कार्तोली पंजाब को 28 सितंबर की रात के बजाय 29 सितंबर को रात 12:50 बजे रवाना किया जाएगा। यह ट्रेन करीब 120 मिनट पुनर्निर्धारित रहेगी।
इसके अलावा 13052 कालका–हावड़ा को तरावड़ी स्टेशन पर करीब 15 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति जांचने की अपील की है। यात्री एनटीईएस से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं या रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं।












