सितंबर के जाते-जाते फिर बदला मौसम, आज कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

0
18
IMD Weather Update
Pinterest

नई दिल्ली: सितंबर का महीना खत्म होने को है, लेकिन देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। कहीं तेज बारिश हो रही है, तो कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने 28 सितंबर को भी कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।

भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब वापसी के दौर में है, फिर भी कई इलाकों में मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 सितंबर को लौटते मानसून की ट्रफ लाइन गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, दीसा और नलिया से होकर अरब सागर तक पहुंच गई। इसके अलावा मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से पर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 12 घंटों में उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा। इस सिस्टम की वजह से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं दक्षिणी तटीय म्यांमार के पास बना एक और कम दबाव का क्षेत्र उत्तर अंडमान सागर की तरफ बढ़ सकता है, जिसका असर पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के रूप में दिखेगा।

दिल्ली-यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में 28 सितंबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि 29 सितंबर को आसमान अपेक्षाकृत साफ रहने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश के बाद अब धीरे-धीरे राहत के संकेत हैं। 28 सितंबर को राज्य में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से का वेदर सिस्टम पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक जारी रह सकती है। गौरतलब है कि 27 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बेहद भारी बारिश हुई थी, जहां कुछ इलाकों में 30 सेंटीमीटर या उससे भी ज्यादा बारिश दर्ज हुई, और लगातार बारिश के कारण कई जगह जलभराव की स्थिति बनी। बिहार में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का दौर रह सकता है, हालांकि फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

पहाड़ों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड में 28 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, साथ ही कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले 24 घंटों में उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, शिमला और सिरमौर जैसे इलाकों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जहां भारी बारिश की स्थिति में भूस्खलन और सड़कों के बंद होने का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक हो सकती है। 27 सितंबर को उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई थी।

मध्य और पश्चिम भारत का हाल

मध्य प्रदेश में 28 सितंबर से बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28 से 30 सितंबर तक, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है, साथ ही कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पश्चिम भारत की बात करें तो गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, वहीं मराठवाड़ा में भी बारिश का अनुमान है। मध्य महाराष्ट्र में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में 28 सितंबर को मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगह बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 28 से 30 सितंबर के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी अधिकतम रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दक्षिण भारत में भी तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगह बारिश का अनुमान है। इन राज्यों के साथ तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की भी आशंका है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है, जबकि केरल और माहे में 30 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है और 1 अक्टूबर से इसकी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

मछुआरों के लिए जारी हुई चेतावनी

मौसम विभाग ने समुद्री इलाकों के लिए भी चेतावनी जारी की है। अरब सागर में सोमालिया तट से लगे इलाकों और दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के कुछ हिस्सों में 29 सितंबर तक समुद्र की स्थिति खराब रह सकती है। बंगाल की खाड़ी में उत्तर अंडमान सागर, म्यांमार और बांग्लादेश तट के आसपास भी समुद्र की स्थिति बिगड़ने की आशंका जताई गई है। ऐसे में मछुआरों को प्रभावित इलाकों में जाने से पहले मौसम विभाग की ताजा चेतावनियां जरूर देख लेनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here