मुंबई: गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी में दरार की खबरें लंबे समय से उड़ रही हैं। इसी बीच एक्टर की अपकमिंग फिल्म ‘रूपा’ की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार का नाम भी इस विवाद में घसीटा जा रहा है। वहीं अब कोमल ने खुद इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए सुनीता के बयान का करारा जवाब दिया है।
‘मेरा घर टूट रहा है’: सुनीता आहूजा
दरअसल, कुछ दिन पहले गोविंदा और कोमल को मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान साथ देखा गया था। इसके बाद सुनीता आहूजा दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंची, जहां से उनका एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में सुनीता कहती दिखीं, ‘मेरा घर टूट रहा है फॉर नो रीजन।’ उनके इस इमोशनल बयान के बाद सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई।
इस बयान के कुछ घंटों बाद ही कोमल रानी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबा नोट शेयर किया। कोमल ने बिना नाम लिए लिखा, ‘जो घर पहले से ही टूटा हुआ हो, उसे कोई और नहीं तोड़ सकता।’ इस पोस्ट को सीधे तौर पर सुनीता के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है।
कोमल ने सुनीता आहूजा को सुनाई खरी-खोटी
कोमल यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने सुनीता पर साजिश रचने का आरोप भी लगाया। कोमल ने लिखा, ‘जो औरत सालों से अपने ही पति की जान लेने की कोशिश कर रही हो, उसकी बद्दुआ किसी को नहीं लगती। मुझे समझ नहीं आता कि कोई महिला किस दर्द से गुजर रही है, जिसे ठीक करने के बजाय उसे सबके सामने दिखाने में मजा आता है। क्या यह सच में दर्द है या सोची-समझी साजिश?’
कोमल ने आगे लिखा, ‘किसी आदमी को लगातार मानसिक रूप से परेशान करना, उसे काम से रोकना, घर पर बैठने को मजबूर करना और अलग-थलग कर देना। कोई अच्छी पत्नी ऐसा नहीं करती। क्या ऐसी औरतें मानसिक रूप से बीमार होती हैं या जरूरत से ज्यादा चालाक? अपने एजेंडे के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल करना बंद करें।’
बता दें कि गोविंदा और कोमल के अफेयर की चर्चा तब शुरू हुई जब दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर साथ ट्रैवल करते देखा गया। हालांकि दोनों ने कभी भी इस रिश्ते की पुष्टि नहीं की है। वहीं गोविंदा और सुनीता की शादी 1987 में हुई थी और उनके दो बच्चे टीना और यशवर्धन हैं।











