PIN बताया, हेलमेट पहना, फिर बिना सवारी बाइक लेकर निकल गया Rapido ड्राइवर

0
9
Rapido driver
x @Bhumi__M026

नई दिल्ली: जरा सोचिए, आप Rapido पर बाइक बुक करते हैं, ड्राइवर आपके पास पहुंचता है, आप उसे राइड का PIN भी बता देते हैं, हेलमेट पहन लेते हैं, और बस बाइक पर बैठने ही वाले होते हैं कि ड्राइवर बाइक लेकर वहां से चला जाता है। सबसे मजेदार बात यह कि पीछे बाइक पर बैठने वाली सवारी यानी आप वहीं खड़े रह जाते हैं। बेंगलुरु में एक महिला के साथ ठीक ऐसा ही कुछ हुआ, जिसकी कहानी सुनकर अब सोशल मीडिया पर लोग हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।

महिला ने इस अजीबोगरीब वाकये के बारे में X पर एक पोस्ट लिखी, जिसमें उन्होंने हेलमेट पहने अपनी एक तस्वीर और चल रही Rapido राइड का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। पोस्ट पढ़ते ही लोगों को समझ आ गया कि मामला कितना हैरान करने वाला था। महिला के मुताबिक, Rapido का ड्राइवर उनकी लोकेशन पर पहुंचा, उन्होंने उसे राइड का PIN बता दिया और उसके बाद हेलमेट पहन लिया। बस अब सिर्फ बाइक पर बैठना बाकी था, लेकिन इससे पहले ही ड्राइवर ने राइड शुरू कर दी और बाइक लेकर निकल पड़ा।

10 मिनट तक चला अनोखा सफर

महिला ने बताया कि ड्राइवर ने PIN लिया, उनके हेलमेट पहनने का इंतजार तक नहीं किया, और अगले ही पल बिना किसी सवारी के बाइक लेकर चल दिया। यानी उसने यह चेक ही नहीं किया कि जिस व्यक्ति को लेकर जाना था, वह बाइक पर बैठा भी है या नहीं। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि ड्राइवर करीब 10 मिनट तक बाइक चलाता रहा और उसे इस दौरान यह भी अहसास नहीं हुआ कि पीछे कोई सवारी है ही नहीं। महिला ने मजाकिया लहजे में सवाल किया कि आखिर कोई इतनी देर तक कैसे भूल सकता है कि उसका यात्री बाइक पर बैठा ही नहीं।

लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन

यह पोस्ट वायरल होते ही लोगों ने तरह-तरह के मजाकिया कमेंट करने शुरू कर दिए। किसी ने लिखा कि शायद ड्राइवर को महिला से भी ज्यादा जल्दी थी, तो किसी ने मजाक में कहा कि गलती समझ आने के बाद ड्राइवर को इतनी शर्मिंदगी हुई होगी कि उसने पहाड़ों में जाकर संन्यासी बनने का मन बना लिया होगा। एक यूजर ने अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि उसके साथ भी ऐसा हुआ था, जब ड्राइवर हेलमेट लेकर ही चला गया था और उसे पास की दुकान पर हेलमेट छोड़कर दूसरी बाइक बुक करनी पड़ी थी। एक अन्य यूजर ने बताया कि उसके साथ यह घटना बाइक की जगह ऑटो में हुई थी, वहीं किसी ने मजाक में कहा कि ड्राइवर को शायद बाद में यह डर सताया होगा कि कहीं यात्री बाइक से गिर तो नहीं गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here