अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है. गजरौला क्षेत्र के एक गांव में हाईस्कूल की छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी. परिवार का आरोप है कि गांव का एक युवक लंबे समय से छात्रा को परेशान कर रहा था और स्कूल आते-जाते उसका पीछा करता था. मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
परिजनों का आरोप है कि गांव का नय्यूम नाम का युवक छात्रा को काफी समय से परेशान कर रहा था. आरोप है कि वह स्कूल जाने और वहां से लौटने के दौरान उसका पीछा करता था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था. छात्रा इस व्यवहार से परेशान थी और उसने घरवालों को पूरी बात बताई थी.
शिकायत के बाद भी जारी रही परेशानी
परिजनों का कहना है कि उन्होंने नय्यूम के भाई नासिर से भी छात्रा को परेशान किए जाने की शिकायत की थी. आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय नासिर ने परिजनों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें धमकी दी. परिवार का दावा है कि शिकायत के बाद भी छात्रा को परेशान किया जाना बंद नहीं हुआ. लगातार तनाव और परेशानी के बीच छात्रा ने अपने घर में फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.
पुलिस ने दर्ज किया केस
छात्रा की मौत की सूचना मिलने पर गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नय्यूम और उसके भाई नासिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी नय्यूम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी नासिर की तलाश की जा रही है.
जांच के बाद आगे होगी कार्रवाई
एसपी अमरोहा लखन सिंह यादव के अनुसार, मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों का इंतजार कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.












