BRICS Summit के दौरान दिल्ली में क्या-क्या रहेगा बंद? जानें मेट्रो, स्कूल से लेकर ट्रेनों तक पूरी लिस्ट

0
9
BRICS Summit Delhi
X @DDNewslive

नई दिल्ली: दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स समिट को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है. विदेशी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा और कुछ जगहों पर कुछ समय के लिए आवाजाही रोकी भी जा सकती है. 11 से 13 सितंबर के बीच स्कूलों और कई प्रमुख पर्यटन स्थलों को लेकर भी अलग व्यवस्था रहेगी. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि पूरी दिल्ली बंद रहेगी. ऐसे में इन दिनों दिल्ली में निकलने वाले लोगों के लिए यह जानना जरूरी है कि किन सेवाओं पर असर पड़ेगा और किनका संचालन सामान्य रहेगा.

ब्रिक्स समिट की वजह से दिल्ली के कुछ हिस्सों में ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू होंगे. वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ सड़कों पर सामान्य वाहनों को रोककर दूसरे रास्तों से भेजा जा सकता है. खासकर भारत मंडपम और विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों के बीच आने-जाने वाले रास्तों पर ज्यादा सतर्कता रहेगी. इसलिए इन तारीखों में सफर करने वालों को घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर देख लेना चाहिए.

क्या दिल्ली के मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे?

दिल्ली मेट्रो को लेकर यात्रियों के लिए राहत की खबर है. दिल्ली मेट्रो की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सभी मेट्रो स्टेशन खुले रहेंगे और मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी. किसी बदलाव की स्थिति में यात्रियों को डीएमआरसी की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और दिल्ली मेट्रो सारथी ऐप पर अपडेट देखने की सलाह दी गई है. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के अंदर मौजूद दिल्ली मेट्रो म्यूज़ियम बंद रहेगा. यह म्यूज़ियम 11 से 13 सितंबर 2026 तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा. 14 सितंबर को इसका साप्ताहिक अवकाश है, इसलिए म्यूज़ियम 15 सितंबर से दोबारा खोला जाएगा.

स्कूलों में रहेगा अवकाश

ब्रिक्स समिट के चलते 11 सितंबर को दिल्ली के सभी स्कूलों में छुट्टी रहेगी. शिक्षा निदेशालय ने 5 सितंबर को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया था. आदेश के तहत सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल बंद रहेंगे. शिक्षा निदेशालय के अधीन आने वाले कार्यालयों में भी 11 सितंबर को अवकाश रहेगा.

कौन-कौन सी जगहें रहेंगी बंद?

11 से 13 सितंबर के बीच राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन म्यूज़ियम और अमृत उद्यान आम लोगों के लिए बंद रहेंगे. इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूज़ियम भी इन तीन दिनों में नहीं खुलेगा. भारत मंडपम के आसपास के कुछ सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा कारणों से सामान्य गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं.

बाजार और मॉल का क्या होगा?

अभी तक दिल्ली के सभी बाजारों या मॉल को बंद करने का कोई आधिकारिक आदेश सामने नहीं आया है. हालांकि, प्रतिबंधित या डायवर्ट किए गए रास्तों के आसपास मौजूद बाजारों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है. कुछ जगहों पर स्थानीय स्थिति के अनुसार कारोबार भी प्रभावित हो सकता है. इसलिए जरूरी न होने पर इन इलाकों में जाने से बचना बेहतर रहेगा.

DTC बसों पर भी पड़ेगा असर

जिन बस स्टैंड या बस रूट का संबंध प्रतिबंधित सड़कों से है, वहां डीटीसी बस सेवाओं में बदलाव किया जाएगा. कुछ बसों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा, जबकि कुछ स्थानों पर सामान्य सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी. ऐसे में बस से सफर करने वालों को अपने रूट की जानकारी पहले से लेनी चाहिए.

100 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित

ब्रिक्स समिट का असर रेलवे संचालन पर भी देखने को मिलेगा. 11 से 13 सितंबर के बीच नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से जुड़ी 100 से ज्यादा ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है. कुछ ट्रेनें रद्द, कुछ डायवर्ट और कुछ को शॉर्ट-टर्मिनेट या शॉर्ट-ओरिजिनेट किया गया है. यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांचनी चाहिए.

22 रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, समिट के दौरान करीब 22 प्रमुख रूट प्रभावित रहेंगे. विदेशी मेहमानों के लिए 9 होटल तय किए गए हैं और इन होटलों से भारत मंडपम तक आने-जाने के रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है. ट्रैफिक पुलिस ने 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं, जहां जरूरत पड़ने पर वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजा जाएगा.

भारत मंडपम के आसपास मथुरा रोड और भैरों मार्ग समेत कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध रहेगा. प्रभावित प्रमुख रास्तों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तेज जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन रोड, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, नीति मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और प्रेस एन्क्लेव रोड शामिल हैं. लाल बहादुर शास्त्री मार्ग समेत कई अन्य प्रमुख सड़कों पर भी ट्रैफिक की स्थिति बदल सकती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here