उत्तर प्रदेश: झांसी से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. यहां 13 साल की एक नई नवेली दुल्हन ने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है. बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की की शादी महज 26 दिन पहले ही 18 साल के युवक से हुई थी. परिवार के मुताबिक लड़की लंबे समय से उसी युवक से शादी करने की जिद कर रही थी. काफी समझाने के बाद भी जब वह नहीं मानी, तब दोनों की शादी करवा दी गई. लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद यह दर्दनाक घटना सामने आ गई.
कैसे हुई थी लड़की की शादी?
कटेरा थानाक्षेत्र के कचनेव गांव की रहने वाली 13 साल की रेखा (काल्पनि का 18 साल के विवेक से प्रेम संबंध था. परिवार के मुताबिक रेखा अक्सर अपनी बड़ी बहन के ससुराल जाया करती थी, जहां उसकी मुलाकात विवेक से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर रेखा ने परिवार के सामने उसी से शादी करने की जिद शुरू कर दी. परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार कहती रही, मुझे बस विवेक चाहिए. मेरी शादी करवा दो उससे.
कब हुई थी शादी?
परिवार का कहना है कि लाख समझाने और मिन्नतें करने के बाद भी जब लड़की नहीं मानी, तब 30 अप्रैल को दोनों की शादी करवा दी गई. शादी के बाद रेखा अपने पति विवेक के साथ रह रही थी. शादी को अभी सिर्फ 26 दिन ही हुए थे. घटना वाले दिन रेखा अपने मायके आई हुई थी और उसका पति भी साथ में आया था. गांव में भंडारे का आयोजन था, जिसमें शामिल होने के लिए परिवार के बाकी सदस्य बाहर गए हुए थे. घर पर केवल रेखा और उसका पति मौजूद थे.
कब और कैसे बिगड़ी तबीयत?
बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे रेखा ने कथित तौर पर जहर खा लिया. उस समय पति विवेक को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. दोनों भंडारे में जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक रेखा की तबीयत बिगड़ने लगी और उसके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया. इसके बाद वह भागकर अपनी मां के पास पहुंची और कहा, मां मैंने दवाई खा ली है. यह सुनते ही परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. डॉक्टरों के मुताबिक तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था.
उम्र छिपाने की कोशिश, कैसे खुला राज?
मामले की जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतका के नाना ने उसकी उम्र 18 साल बताई. हालांकि पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद लड़की का आधार कार्ड मंगवाया गया. आधार कार्ड में लड़की की उम्र 13 साल निकली. वहीं पति विवेक ने भी पुलिस को उसकी उम्र 13 साल ही बताई. पति का कहना है कि रेखा अपने पिता की मौत के बाद काफी परेशान रहती थी. विवेक ने बताया, “रेखा के पिता की पिछले साल मौत हो गई थी. इस वजह से वो डिप्रेशन में रहती थी. हमेशा कहती थी कि मुझे पापा की याद आ रही है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
हालांकि इस मामले में परिवार की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन लड़की की उम्र को देखते हुए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है.
















