नई दिल्ली: डर को पीछे छोड़कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का हुनर अब रोहिणी की बेटियां सीख रही हैं। छेड़छाड़ हो या किसी तरह का दुर्व्यवहार, सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षा का माहौल हो या रास्ते में कोई अप्रिय स्थिति, अब बेटियों को चुप रहने के बजाय सतर्क रहने, विरोध करने और अपनी सुरक्षा के लिए डटकर खड़े होने का संदेश दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य के साथ रोहिणी जिला पुलिस ने अपनी विशेष पहल ‘निडर नारी’ के तहत छात्राओं के लिए महिला सुरक्षा जागरूकता एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘सशक्ति’ का आयोजन किया।
दो स्कूलों में सजा आत्मविश्वास का पाठ
रोहिणी जिला पुलिस की ओर से 26 नवंबर को सेक्टर-24, बुध विहार स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय (सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय) और सेक्टर-24 स्थित एमसीडी प्राथमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों विद्यालयों में करीब 950 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इनमें पहले विद्यालय की लगभग 800 और दूसरे विद्यालय की करीब 150 छात्राएं शामिल रहीं।
मुसीबत के वक्त कैसे करें मुकाबला, सिखाए आत्मरक्षा के गुर
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा की बुनियादी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें समझाया गया कि किसी भी अप्रिय परिस्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ, सतर्कता और आत्मविश्वास से काम लेना कितना जरूरी है। साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार जैसी घटनाओं का सामना करने के तरीके भी बताए गए।
स्कूल से बाजार तक, हर कदम पर सतर्क रहने का संदेश
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को स्कूल आते-जाते समय, बाजारों में खरीदारी करते हुए, बस और मेट्रो में सफर के दौरान तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी। उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी तरह के उत्पीड़न को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर बिना झिझक आवाज उठाएं तथा पुलिस की मदद लें।
बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य
रोहिणी जिला पुलिस का कहना है कि ‘निडर नारी’ अभियान का मकसद केवल आत्मरक्षा की तकनीक सिखाना नहीं, बल्कि बेटियों के भीतर साहस, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना पैदा करना भी है। वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों में चल रही इस मुहिम के माध्यम से स्कूलों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम और आत्मरक्षा प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। रोहिणी के पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति जिला पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई। पुलिस का प्रयास है कि हर बेटी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहे।












