नई दिल्ली: त्योहारों की रौनक के बीच मिठाइयों में मिलावट और असुरक्षित खाद्य सामग्री के कारोबार पर दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने निहाल विहार से लेकर मोरी गेट खोया मंडी तक छापेमारी अभियान चलाकर कुल 922 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कर दी। कार्रवाई के दौरान निहाल विहार में 402 किलोग्राम मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री, जबकि मोरी गेट खोया मंडी में 520 किलोग्राम खराब खोया-छेना नष्ट किया गया। विभाग ने दोनों स्थानों से प्रयोगशाला जांच के लिए नमूने भी एकत्र किए हैं।
निहाल विहार में 13 परिसरों पर छापा, 402 किलो सामग्री नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने निहाल विहार में बिना लाइसेंस चल रही रसगुल्ला निर्माण इकाइयों, मिठाई निर्माताओं और दुकानों सहित 13 परिसरों का निरीक्षण किया। इस दौरान 265 किलोग्राम रसगुल्ला, 45 किलोग्राम छेना, 80 किलोग्राम मिल्क केक और 12 किलोग्राम कसा हुआ नारियल नष्ट किया गया। जांच के लिए छेना, मिल्क केक, रसगुल्ले, लड्डू, रसभरी और पनीर सहित कुल 14 नमूने लिए गए। विभाग ने इस बार छुट्टी के दिन अचानक कार्रवाई की और अपनी टीमों को अलग-अलग गलियों में एक साथ भेजा, ताकि मिठाई बनाने वाली इकाइयों को पहले से भनक न लगे। इससे पहले 26 अगस्त को निरीक्षण के दौरान कई इकाइयों तक पहुंचने में कठिनाई आई थी।
मोरी गेट में बदबूदार खोया-छेना मिला
मोरी गेट खोया मंडी में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान लगभग 370 किलोग्राम खोया और 150 किलोग्राम छेना नष्ट किया गया। विभाग के अनुसार, यह सामग्री लावारिस हालत में मिली थी और खराब होने के साथ उसमें दुर्गंध भी आ रही थी। प्रयोगशाला जांच के लिए खोया के तीन नमूने लिए गए। इससे पहले 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर इसी मंडी में लगभग 3,050 किलोग्राम खोया और पनीर नष्ट किया गया था।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के निष्कर्षों और प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा लागू नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान छापेमारी, नमूने लेने और निगरानी का अभियान जारी रहेगा।
जनता की सेहत सर्वोपरि मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की शुद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। त्योहारों में मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष सतर्कता बरतने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए लोगों की सेहत को खतरे में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। संदेश साफ है मिठाइयों में मिलावट करने वालों पर कानून का शिकंजा कसेगा और दिल्लीवासियों की सेहत की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता रहेगी।











