नई दिल्ली: पेंशनभोगियों को सरकारी दफ्तरों और बैंकों के चक्कर लगाने से राहत दिलाने के लिए उत्तर रेलवे ने डिजिटल तकनीक के जरिए एक और बड़ी पहल की है। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) अभियान 5.0 के तहत 19 नवंबर को नई दिल्ली में मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इस शिविर में 250 से अधिक पेंशनभोगियों ने अपना पंजीकरण कराया और चेहरे की पहचान यानी फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का इस्तेमाल करते हुए जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा किया।
उत्तर रेलवे मुख्यालय और दिल्ली मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेगा कैंप में पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा, उत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक हर्ष खरे, रेलवे बोर्ड की प्रमुख कार्यकारी निदेशक (औद्योगिक संबंध) रेखा यादव तथा उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सुजीत कुमार मिश्रा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
मौके पर बने 58 डिजिटल प्रमाण पत्र
शिविर में रेलवे कर्मचारियों और विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की पूरी प्रक्रिया समझाई और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई। इस दौरान मौके पर ही 58 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किए गए। चेहरे की पहचान आधारित सुविधा ने बुजुर्ग पेंशनभोगियों के लिए पूरी प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल और सुविधाजनक बना दिया।
12 बैंकों की टीम ने संभाला मोर्चा
इस अभियान में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, यूको बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, केनरा बैंक और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की टीमों ने भाग लिया। इसके अलावा भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के कर्मचारियों ने आधार सत्यापन और विवरण अद्यतन कराने में पेंशनभोगियों की मदद की।
सेहत का भी रखा गया ख्याल
मेगा कैंप में केवल डिजिटल प्रमाण पत्र तक ही पहल सीमित नहीं रही, बल्कि पेंशनभोगियों के लिए स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
उत्तर रेलवे की इस पहल ने यह संदेश दिया कि तकनीक का असली उद्देश्य आम नागरिकों की जिंदगी आसान बनाना है। बुजुर्गों के सम्मान, सुविधा और सहूलियत को केंद्र में रखकर चलाया गया यह अभियान डिजिटल भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।











