सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों को जनगणना-2027 के प्रति किया जागरूक

0
10

मथुरा: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में गुरुवार को जनगणना-2027 के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों को जनगणना की प्रक्रिया, महत्व और स्व-गणना की सुविधा के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। सही और पूरी जानकारी के आधार पर ही देश के विकास की योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकेगा।

सांसद और विधायक ने दिलाई सहयोग की शपथ

कार्यक्रम में पहुंचे राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश और सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने नवदंपतियों और उपस्थित लोगों को जनगणना-2027 के सफल संचालन में सहयोग करने की शपथ दिलाई। विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास और भविष्य की योजनाओं का आधार है। इसमें प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराए। जनपद में नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स ने लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाते हुए इसके महत्व और उपयोगिता की जानकारी दी।

30 नवंबर तक ऑनलाइन कर सकेंगे स्व-गणना

अधिकारियों ने बताया कि भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत स्व-गणना की सुविधा 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके लिए se.census.gov.in पोर्टल विकसित किया गया है। इसके माध्यम से लोग अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। वहीं, घर-घर जाकर जनगणना करने का कार्य एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे निर्धारित समय में स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें और जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

प्रशासनिक अधिकारियों और ट्रेनर्स ने लिया हिस्सा

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पांडेय, सहायक श्रमायुक्त राजकुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रेनू, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहित बघेल सहित समस्त खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे। मास्टर ट्रेनर गिरीश कौशिक, वरिष्ठ तकनीकी सहायक अंकुर सक्सेना, राम सैनी, आरिफ अली, ऋषभ कुमार और जनपद के फील्ड ट्रेनर्स ने भी अभियान में सहभागिता की। जनपद प्रशासन की ओर से जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here