रतिया: अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने रतिया अनाज मंडी का निरीक्षण कर फसल खरीद, उठान और मंडी में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मार्केट कमेटी कार्यालय में संबंधित अधिकारियों, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मंडी में खरीद कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि मंडी में डेली प्रचेज शुरू की जाए, ताकि किसानों की फसल की खरीद नियमित रूप से हो सके और मंडी में फसल का अनावश्यक जमाव न हो।
खरीद और उठान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के निर्देश
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मंडी में फसल खरीद और उठान की प्रक्रिया को आपसी तालमेल के साथ सुचारू रूप से चलाया जाए। खरीद एजेंसियां खरीद कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ खरीदी गई फसल का उठान भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में खरीद से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा किसानों को अपनी फसल बेचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने मंडी में लेबर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि फसल की ढेरियां लगाने, तुलाई, भराई और अन्य संबंधित कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि पर्याप्त लेबर उपलब्ध होने से खरीद प्रक्रिया को गति मिलेगी और किसानों को अपनी फसल बेचने में सुविधा होगी।
नियमित निगरानी और समन्वय के निर्देश
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मंडी में खरीद एवं उठान कार्यों की नियमित निगरानी करें और आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की फसल की खरीद और उठान में तेजी लाना प्राथमिकता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करें। इस दौरान एसडीएम सुरेन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार बलवान सिंह, मार्केट कमेटी सचिव संजीव सचदेवा, व्यापार मंडल प्रधान दर्शन कुमार गर्ग, हैफेड मैनेजर सुभाष चंद्र, वेयरहाउस मैनेजर सोमबीर, फूड सप्लाई इंस्पेक्टर संदीप कुमार, सुनील कुमार, संजय मोदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










