नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय दवा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। एनडीआर, आर.के. पुरम की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 14.226 किलोग्राम अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की 21,180 टैबलेट व कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की है।
विशेष टीम ने संभाली जांच की कमान
पुलिस उपायुक्त चंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एसीपी उमेश बार्थवाल की निगरानी में इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में उपनिरीक्षक अशोक, सौरभ, प्रमोद और यतेंद्र मलिक, सहायक उपनिरीक्षक विकास और कमल तथा हेड कांस्टेबल रविंदर, संजय, दिनेश, संदीप, राहुल, संजू, सुखबीर, नहनजी और भाग सिंह शामिल थे।
निगम बोध घाट के पास दो तस्कर गिरफ्तार
31 अक्टूबर को टीम ने निगम बोध घाट के पास मोटरसाइकिल पर दवाओं की खेप ले जा रहे मुनेश कुमार गुप्ता (44) और अखिलेश मिश्रा (46) को दबोचा। इनके पास से 16,380 गोलियां और कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ के आधार पर मादीपुर में छापा मारकर मुख्य आपूर्तिकर्ता वीरेंद्र कुमार उर्फ हीरो (48) को 4,320 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया गया।
दुकान से भी मिले प्रतिबंधित कैप्सूल
इसके बाद राजेश्वर पांडेय उर्फ गोपाल (34) को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी दुकान से 480 कैप्सूल मिले। औषधि नियंत्रण विभाग ने बिना वैध लाइसेंस और खरीद बिल के रखे 31 श्रेणियों के दवा भंडार पर भी कार्रवाई की। मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 22(सी), 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस अब नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।












