लखनऊ: लखनऊ में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया. आरोप है कि बेटी से मिलने पूर्व पत्नी के घर पहुंचे ऑटो चालक आशीष सोनी पर तवे से हमला किया गया. गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने उसकी पूर्व पत्नी तपस्या उर्फ प्रीति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को आशीष सोनी अपनी पूर्व पत्नी तपस्या सिंह के कौशल्या गार्डन स्थित घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर तपस्या ने कथित तौर पर रोटी बनाने वाले तवे से आशीष के सिर पर कई वार कर दिए. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद आशीष को जानकीपुरम स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू रेफर कर दिया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पांच साल से अलग रह रहे थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, आशीष और तपस्या के बीच करीब पांच साल से विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे. पुलिस का कहना है कि दोनों का तलाक हो चुका था. हालांकि, मृतक की मां मीरा सोनी इस बात से इनकार कर रही हैं. मीरा का दावा है कि उनके पास तलाक से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं हैं और दोनों का रिश्ता कानूनी तौर पर खत्म नहीं हुआ था. आशीष और तपस्या की करीब पांच साल की एक बेटी भी है. आशीष आशियाना क्षेत्र में रहता था और ऑटो चलाकर परिवार की जरूरतें पूरी करता था.
मृतक की मां ने लगाए कई आरोप
मीरा सोनी ने तपस्या पर बेटे को परेशान करने और पैसे मांगने के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पैसे नहीं देने पर आशीष को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी. उन्होंने दावा किया कि पहले भी शिकायत के कारण आशीष का ऑटो करीब दो महीने तक बंद रहा था, जिसके बाद उसे कर्ज लेना पड़ा. मां ने यह भी आरोप लगाया कि तपस्या ने कई बार आशीष के खिलाफ शिकायतें कीं और उसके घर पर लोगों को भेजकर विवाद कराया.
मीरा ने आरोप लगाया कि आशीष पर हमला अकेले नहीं किया गया, बल्कि तपस्या के साथ कुछ अन्य लोग भी शामिल थे. उन्होंने उसके भाई-बहनों और कुछ युवकों पर भी शक जताया है. हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे मुकदमा दर्ज किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि घटना की वजह और सभी आरोपों की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है.












