पुलवामा का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान कौन था?

0
8

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले से निकलकर पाकिस्तान में आतंकी नेटवर्क का अहम चेहरा बने अरजुमंद गुलजार डार उर्फ हमजा बुरहान की मौत हो गई है. जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में किसी अज्ञात हमलावर ने उसे मार गिराया. वह लंबे समय से भारत विरोधी गतिविधियों में सक्रिय था और आतंकी संगठन अल-बद्र से जुड़ा हुआ था. भारतीय सुरक्षा एजेंसियां कई वर्षों से उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं.

हमजा बुरहान कहां का रहने वाला था? 

अरजुमंद गुलजार डार मूल रूप से पुलवामा के खरबतपोरा रत्नीपोरा इलाके का रहने वाला था. बताया जाता है कि उसने वैध दस्तावेजों के जरिए पाकिस्तान का रुख किया था. वहां पहुंचने के बाद वह आतंकी संगठन अल-बद्र में शामिल हो गया और धीरे-धीरे संगठन में उसकी भूमिका मजबूत होती चली गई. बाद में उसे संगठन का सक्रिय कमांडर माना जाने लगा.

पाकिस्तान में रहते हुए उसने अपनी पहचान एक शिक्षक के रूप में पेश की, ताकि उसकी वास्तविक गतिविधियों पर किसी को शक न हो. हालांकि भारतीय एजेंसियों का दावा था कि वह पर्दे के पीछे आतंकी नेटवर्क को संचालित कर रहा था और पाकिस्तान की जमीन से भारत विरोधी अभियानों को अंजाम दे रहा था.

भारत सरकार ने उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत आतंकवादी घोषित किया था. गृह मंत्रालय के रिकॉर्ड के अनुसार, वह जम्मू-कश्मीर में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और आतंकी संगठनों में भर्ती कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था. जांच एजेंसियों का कहना था कि वह सोशल मीडिया और स्थानीय संपर्कों के जरिए युवाओं को प्रभावित करता था और उन्हें आतंकवाद के रास्ते पर ले जाने की कोशिश करता था.

कई आतंकी मामलों में नाम आया सामने

उसका नाम कई आतंकी मामलों में सामने आया था. पुलवामा में ओवर ग्राउंड वर्कर्स के पास से विस्फोटक बरामद होने की घटनाओं में भी उसकी भूमिका की जांच हुई थी. इसके अलावा नवंबर 2020 में सीआरपीएफ जवानों पर हुए ग्रेनेड हमले से भी उसका संबंध जोड़ा गया था. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह आतंकियों को आर्थिक मदद, हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराने में भी शामिल था.

सुरक्षा हलकों में हमजा बुरहान को कश्मीर में सक्रिय आतंकी ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता था. भारतीय एजेंसियों का मानना था कि वह सिर्फ एक आतंकी नहीं, बल्कि ऐसा ऑपरेटर था जो सीमा पार बैठकर आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में लगा हुआ था.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here