कौन हैं UP का ठाकुर राज सिंह? सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले में हुए गिरफ्तार

0
7

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में कोलकाता पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. रविवार देर रात पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या से एक संदिग्ध शूटर को हिरासत में लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान बलिया निवासी ठाकुर राज सिंह के रूप में हुई है, जिसे पुलिस इस हत्या में शामिल अहम आरोपी मान रही है. बताया जा रहा है कि वह लखनऊ में एक हाई-प्रोफाइल शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपनी मां के साथ बलिया लौट रहा था, तभी कोलकाता पुलिस ने अयोध्या पुलिस की मदद से उसे पकड़ लिया.

एडीजी प्रवीण कुमार ने क्या कहा? 

अयोध्या जोन के एडीजी प्रवीण कुमार के अनुसार, पश्चिम बंगाल पुलिस को इस मामले में पहले बिहार के बक्सर से दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद महत्वपूर्ण सुराग मिले थे. उन्हीं से मिली जानकारी के आधार पर राज सिंह तक पहुंचा गया. देर रात की गई इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने पूरा सहयोग किया.

गिरफ्तारी के दौरान राज सिंह की मां ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. उनका कहना है कि उनका बेटा कभी कोलकाता गया ही नहीं और न ही वहां उनका कोई परिचित है. उन्होंने दावा किया कि घटना वाले दिन उनका बेटा घर पर ही मौजूद था, जिसकी पुष्टि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल लोकेशन से की जा सकती है. उन्होंने कहा कि वे अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे थे, तभी पुलिस ने उनके बेटे को पूछताछ के नाम पर हिरासत में ले लिया.

राज सिंह का नाम इससे पहले भी एक आपराधिक मामले में सामने आ चुका है. वर्ष 2020 में बलिया में एक दिव्यांग अंडा विक्रेता की हत्या के मामले में भी उसे आरोपी बनाया गया था. वह मूल रूप से बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के बुढ़ऊ कुरेजी गांव का रहने वाला है, जबकि शहर के आनंद नगर में उसका मकान है. उसके पिता का निधन हो चुका है और उसकी मां डाक विभाग में कार्यरत हैं.

सोशल मीडिया पर राज सिंह की पहचान 

सोशल मीडिया पर राज सिंह खुद को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, उत्तर प्रदेश का प्रदेश महासचिव बताता है. वह स्थानीय राजनीति में सक्रिय माना जाता है और ब्लॉक प्रमुख व सभासद चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहा था. हाल ही में वह लखनऊ में आयोजित एक प्रतिष्ठित शादी समारोह में शामिल हुआ था, जिसकी तस्वीरें उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई हैं. इन तस्वीरों में वह कई राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियों के साथ नजर आ रहा है. अब कोलकाता पुलिस उससे पूछताछ कर हत्याकांड के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here