नई दिल्ली: गंगा को करोड़ों लोग मां का दर्जा देते हैं और हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसके घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में हरिद्वार से सामने आए नदी के ताजा वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। यहां 19 दिनों तक पानी का बहाव रोके जाने के बाद गंगा की सफाई की गई। दोबारा पानी छोड़े जाने पर नदी इतनी साफ नजर आई कि लोग हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर इसके वीडियो तेजी से साझा हो रहे हैं।
सफाई के बाद गंगा का बदला हुआ रूप कई लोगों ने कैमरे में कैद किया। चंचल कुमार नाम के एक व्यक्ति ने भी वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एआई से तैयार नहीं, हरिद्वार का असली दृश्य है। वीडियो में पानी पारदर्शी दिख रहा है और नदी के अंदर तक साफ नजर आता है। चंचल कुमार का दावा है कि पानी इतना साफ है कि करीब पांच फुट नीचे तक देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अपनी जिंदगी में पहली बार गंगा का पानी उन्हें इतना साफ दिखाई दिया।
पानी घटने पर दिखीं 175 साल पुरानी पटरियां
सफाई के दौरान गंगा के भीतर मौजूद अंग्रेजों के समय की रेलवे पटरियां भी सामने आई थीं। पानी का स्तर कम होने पर ये दिखाई देने लगीं। इन्हें करीब 175 साल पुराना बताया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर गंगा को साफ रखने की अपील
व्लॉगर धीरू बोहारा ने भी सफाई के बाद गंगा का वीडियो साझा किया है। इसमें नदी का पानी नीला और पारदर्शी नजर आ रहा है। एक यूजर ने लिखा, ‘काश! गंगा हमेशा इतनी ही साफ रहे।’ वहीं, दूसरे यूजर ने लोगों से नदी को दोबारा गंदा न करने की अपील की। नदी को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, आम लोगों की भूमिका भी इसमें जरूरी है। सफाई के बाद पानी का साफ दिखना अच्छी बात है, लेकिन इस स्थिति को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करने होंगे। घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालु पूजा सामग्री, प्लास्टिक और दूसरी गंदगी नदी में डालने से बचें। फूल-माला या अन्य कचरे को पानी में बहाने के बजाय तय जगह पर डालना चाहिए। प्रशासन की कोशिशों के साथ जनता का सहयोग भी जरूरी है, ताकि नदी की स्वच्छता लंबे समय तक बनी रहे।











