नर्स की नौकरी छोड़कर बनीं कंटेंट क्रिएटर, 7 महीने में कमा डाले 82 लाख रुपये, बताया कैसे बदली जिंदगी

0
8

नई दिल्ली: आज के दौर में सोशल मीडिया सिर्फ टाइमपास का जरिया नहीं रहा, बल्कि कई लोगों के लिए कमाई का बड़ा साधन बन चुका है। अमेरिका की एक महिला की कहानी इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण है। पहले वह नर्स की नौकरी करती थीं, लेकिन अब इंस्टाग्राम से इतनी कमाई हो रही है कि उन्होंने नौकरी को अलविदा कह दिया है।

एरिजोना में रहने वाली सारा एन एक सिंगल मदर हैं। पहले वह फुल टाइम नर्स के तौर पर काम करती थीं। करीब डेढ़ साल पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाना शुरू किया। शुरुआत में उन्हें खुद यकीन नहीं था कि उनकी आम जिंदगी को कोई देखना भी चाहेगा। वह अपनी नर्स की ड्यूटी, घर का काम और एक मां के तौर पर अपने अनुभव शेयर करती थीं। उन्हें लगता था कि भला लोग उनकी निजी जिंदगी में क्यों दिलचस्पी लेंगे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार वीडियो डालती रहीं। धीरे-धीरे लोगों को उनका कंटेंट पसंद आने लगा और फॉलोअर्स बढ़ने लगे। इसके बाद उन्हें कंपनियों की तरफ से प्रोडक्ट प्रमोशन के ऑफर मिलने लगे।

7 महीने में 1.75 करोड़ के ऑफर मिले

सारा ने एक वीडियो में अपनी कमाई का पूरा हिसाब बताया। उनके मुताबिक, मई से नवंबर के बीच यानी सिर्फ 7 महीने में उन्हें 1,87,785 डॉलर यानी करीब 1.75 करोड़ रुपये के ब्रांड डील मिले। हालांकि यह पूरी रकम उनके हाथ में नहीं आई। वह एक एजेंसी के साथ काम करती हैं, जो ब्रांड से डील करवाती है और बदले में कमीशन लेती है।

इसके अलावा वह अपनी कमाई का 25 से 35 फीसदी हिस्सा टैक्स के लिए अलग रखती हैं। सारे खर्च और कटौती के बाद उनके पास करीब 88,071 डॉलर यानी लगभग 82 लाख रुपये बचे। सारा ने साफ किया कि यह कमाई सिर्फ ब्रांड डील से हुई है। इसमें वीडियो के व्यूज, डिजिटल प्रोडक्ट या एफिलिएट लिंक से हुई कमाई शामिल नहीं है।

नर्स की सालभर की सैलरी से ज्यादा कमाई

सारा के मुताबिक, 7 महीने में कंटेंट से हुई कमाई उनकी नर्स वाली नौकरी की एक साल की सैलरी से भी ज्यादा थी। इसी वजह से उन्होंने फुल टाइम कंटेंट क्रिएशन को ही करियर बनाने का फैसला किया। उनके इंस्टाग्राम पर अब 82 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। सारा ने उन लोगों को भी संदेश दिया जो वीडियो बनाना चाहते हैं लेकिन डरते हैं कि उन्हें कौन देखेगा। उन्होंने कहा, डेढ़ साल पहले मुझे भी खुद पर भरोसा नहीं था। लेकिन लगातार कोशिश से जिंदगी बदल गई। हालांकि, एक्सपर्ट्स कहते हैं कि हर किसी को इतनी कमाई नहीं हो सकती। इसके लिए लगातार अच्छा कंटेंट, धैर्य और फॉलोअर्स का भरोसा जरूरी है। इसलिए नौकरी छोड़ने से पहले पार्ट टाइम शुरू करना ही समझदारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here