नई दिल्ली: अमेरिका के इलिनोइस राज्य में एक ऐसी सड़क है, जहां साल में करीब चार महीने गाड़ियों की आवाजाही रोक दी जाती है। इसकी वजह सड़क की मरम्मत नहीं, बल्कि यहां रहने वाले सांप और दूसरे वन्यजीव हैं। ‘स्नेक रोड’ के नाम से मशहूर 4 किलोमीटर लंबा रास्ता शॉनी नेशनल फॉरेस्ट से गुजरता है। जानवरों के सुरक्षित प्रवास के लिए दो महीने बंद रहने के बाद इसे हाल ही में फिर खोल दिया गया है।
इस इलाके में सांपों के अलावा मेंढक, कछुए, न्यूट और सैलामैंडर भी पाए जाते हैं। ये जीव मौसम के अनुसार दलदल और चूना-पत्थर की चट्टानों के बीच आते-जाते हैं। सर्दियां चट्टानों पर बिताने के बाद वे दलदल की तरफ आते हैं। सड़क पार करते समय कई जीव वाहनों के नीचे कुचल जाते थे। इसी खतरे को रोकने के लिए प्रवास के दोनों मौसमों में सड़क बंद की जाती है।
साल में दो बार लगता है प्रतिबंध
जालोपनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, फॉरेस्ट सर्विस रोड 345 को ला-रू रोड या स्नेक रोड भी कहा जाता है। यहां 15 मार्च से 15 मई और 1 सितंबर से 30 अक्टूबर तक वाहनों की आवाजाही बंद रहती है। इस तरह साल में चार महीने यहां वाहन नहीं चल सकते। वन सेवा प्रवर्तन अधिकारी एंडरसन हैरिस के मुताबिक, इन पाबंदियों का मकसद वन्यजीवों को बचाना है, न कि उन्हें पर्यटकों के लिए खतरा मानना। सड़क बंद रहने से जानवर वाहनों की चपेट में आए बिना रास्ता पार कर सकते हैं। शॉनी नेशनल फॉरेस्ट ओहियो और मिसिसिपी नदियों के बीच करीब 2 लाख 89 हजार एकड़ में फैला है। यह 35 प्रवासी सांप प्रजातियों और 23 उभयचर प्रजातियों का ठिकाना है। इनमें टिम्बर रैटलस्नेक, कॉटनमाउथ और ईस्टर्न कॉपरहेड जैसी तीन जहरीली प्रजातियां भी शामिल हैं।
पैदल जा सकते हैं, लेकिन सांप पकड़ना मना
सड़क बंद रहने पर लोग पैदल जाकर जानवरों को देख सकते हैं। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने हर साल चार महीने सड़क बंद रखने का विरोध किया था, लेकिन अब वे इसे वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए जरूरी मानते हैं। हैरिस ने पैदल आने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने साफ किया कि सड़क पार करते समय सांपों को पकड़ना गैरकानूनी है। उनके अनुसार, यह अमेरिका की इकलौती सड़क है, जिसे सरीसृपों और उभयचरों के प्रवास के लिए बंद किया जाता है।












