नई दिल्ली: आज के दौर में स्मार्टफोन जरूरत से आगे बढ़कर कई लोगों के लिए पहचान और स्टेटस का हिस्सा बन चुका है. खासकर iPhone को लेकर युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है. लेकिन जब महंगे फोन का शौक जुनून में बदल जाए, तो इसके नतीजे बेहद खतरनाक हो सकते हैं. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में हुई एक घटना ने इसी सच्चाई को झकझोर कर रख दिया. यहां iPhone की किस्त को लेकर हुए विवाद के बाद एक परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई.
बताया जा रहा है कि 18 वर्षीय कुणाल ने शौक के चलते iPhone खरीदा था. लेकिन फोन की भारी किस्त चुकाना उसके लिए मुश्किल हो गया. इसी बात को लेकर उसकी पिता से बहस हुई. नाराज कुणाल एक पहाड़ी पर पहुंच गया और जान देने की धमकी देने लगा. गांव के लोगों ने उसे काफी समझाया और यहां तक कि नया फोन दिलाने की बात भी कही, लेकिन वह पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ. अपने बेटे को बचाने के लिए पिता ने उसे पकड़कर पीछे खींचने की कोशिश की. इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरी खाई में गिर गए.
यह देखकर मां भी खुद को रोक नहीं सकीं और उन्होंने पहाड़ी से छलांग लगा दी. इस तरह एक फोन की चाहत के बीच पूरा परिवार उजड़ गया. यह अकेला मामला नहीं है. दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में iPhone खरीदने की चाहत से जुड़े कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें लोगों ने खतरनाक और अपराध की हद तक पहुंचने वाले फैसले लिए.
iPhone के लिए दादा की हत्या
केरल के अलापुझा से सामने आए एक मामले ने भी लोगों को हैरान कर दिया था. एक 13 वर्षीय लड़की ने कथित तौर पर अपने 17 वर्षीय प्रेमी और उसके दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने 67 वर्षीय दादा शिवनकुट्टी की हत्या की साजिश रची. बताया गया कि लड़की नया iPhone खरीदना चाहती थी. इसके लिए घर में रखे सोने के गहने चोरी करने की योजना बनाई गई. मामला तब और चौंकाने वाला बन गया, जब आरोप लगा कि लड़की वीडियो कॉल के जरिए हमले को देख रही थी.
चीन में iPhone के लिए स्पर्म डोनेशन का ऑफर
साल 2015 में iPhone 6s की लॉन्चिंग से पहले चीन में एक अजीब विज्ञापन चर्चा में आया था. रिपोर्टों के अनुसार, कुछ सरकारी स्पर्म बैंकों ने युवाओं को वीर्य दान के बदले पैसे देने की पेशकश की थी. विज्ञापन में दावा किया गया था कि योग्य डोनर को करीब 6,000 युआन तक मिल सकते हैं, जिससे iPhone खरीदने के लिए पर्याप्त रकम जुट सकती थी. हालांकि इसके लिए कुछ शर्तें भी थीं, जिनमें शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मानक शामिल थे. इस ऑफर की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई थी.
iPhone के लिए किडनी तक बेच दी
साल 2011 में चीन के एक 17 वर्षीय युवक वांग श्यांगकुन ने iPhone 4 खरीदने के लिए अपनी एक किडनी बेच दी थी. उसे इसके बदले करीब ढाई लाख रुपये मिले और उसने फोन खरीद लिया. लेकिन यह फैसला उसकी जिंदगी पर भारी पड़ा. गलत तरीके से हुई सर्जरी के बाद उसकी दूसरी किडनी भी खराब हो गई. बाद में उसे नियमित डायलिसिस पर निर्भर रहना पड़ा. एक फोन का शौक उसके लिए जिंदगी भर की गंभीर परेशानी बन गया.
iPhone की डिलीवरी के लिए आए युवक की हत्या
लखनऊ में iPhone 16 की डिलीवरी से जुड़ा एक हत्या का मामला भी सामने आया था. बताया गया कि डिलीवरी एजेंट भरत साहू एक ग्राहक को फोन देने पहुंचा था. फोन कैश ऑन डिलीवरी था, लेकिन आरोपी के पास भुगतान करने के लिए पैसे नहीं थे. आरोप है कि iPhone हासिल करने के लिए ग्राहक और उसके साथी ने डिलीवरी एजेंट की हत्या कर दी. इसके बाद शव को बोरे में रखकर नहर में फेंक दिया गया. पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और डिलीवरी रूट की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों तक पहुंची.
iPhone के लिए 44 दिन पहले लगाया टेंट
साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में एक व्यक्ति ने नए iPhone के लिए अलग ही जुनून दिखाया. लिंडसे हैंडमर नाम का यह व्यक्ति फोन खरीदने के लिए Apple के स्टोर के बाहर करीब 44 दिन पहले ही टेंट लगाकर बैठ गया था. वह नए मॉडल को खरीदने वाले शुरुआती लोगों में शामिल होना चाहता था. इस दौरान उसने कई दिन स्टोर के बाहर ही बिताए.
गर्लफ्रेंड के लिए iPhone, खुद के अपहरण की कहानी
भारत में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को iPhone गिफ्ट करने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी बना दी थी. उसने परिवार को फोन करके फिरौती के तौर पर लाखों रुपये मांगे, ताकि उन पैसों से फोन खरीदा जा सके. पुलिस ने जांच शुरू की तो मोबाइल लोकेशन के जरिए उसकी सच्चाई सामने आ गई. पुलिस ने युवक को एक होटल से बरामद किया, जहां वह आराम से रह रहा था. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
iPhone के लिए बदल लिया अपना नाम
यूक्रेन में एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर ने घोषणा की थी कि कानूनी रूप से अपना नाम बदलकर ‘iPhone Sim’ रखने वाले शुरुआती लोगों को iPhone 7 मुफ्त दिया जाएगा. 20 वर्षीय ओलेकसांद्र तुरिन ने मुफ्त iPhone पाने के लिए अपना नाम कानूनी तौर पर बदलकर ‘iPhone Sim’ कर लिया. इसके बाद उसे मुफ्त फोन मिल गया.












