नई दिल्ली: सामान की तेज डिलीवरी के लिए मशहूर ऐप Blinkit इन दिनों एक बड़े विवाद में फंस गया है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह ऐप सिर्फ राशन पहुंचाता है या आपके फोन की प्राइवेट जानकारियों पर भी नजर रखता है? एक कंटेंट क्रिएटर के वीडियो के बाद यह बहस तेज हो गई है। इंस्टाग्राम पर ऐप्स की काम करने की प्रक्रिया को आसान भाषा में समझाने वाली अनिका बेरी ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने दावा किया कि Blinkit के ऐप को रिवर्स इंजीनियरिंग से जांचने पर कई चौंकाने वाली चीजें सामने आईं। उनके मुताबिक ऐप फोन में मौजूद दूसरे ऐप्स, वाई-फाई का नाम, लोकेशन, बैटरी और कुछ सेटिंग्स की जानकारी चेक करता है।
21 ऐप्स स्कैन करने का आरोप
अनिका का कहना है कि इन जानकारियों से यूजर की उम्र, घर में रहने वाले लोगों और ऑर्डर करने की जल्दबाजी तक का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि ऐप करीब 21 ऐप्स को स्कैन करता है। इनमें Zomato, Instagram जैसे नाम शामिल हैं। उनके मुताबिक दूसरे ऐप्स की मौजूदगी के आधार पर अलग-अलग विज्ञापन दिखाए जा सकते हैं। उन्होंने फोन की फॉन्ट साइज, स्क्रीन जूम और स्क्रीन रीडर जैसी सेटिंग्स का भी जिक्र किया। उनका मानना है कि इनसे यूजर की उम्र और आदतों का अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि Blinkit एक ऐसी फाइल का बैकअप रखता है, जिससे नए फोन में बिना OTP के लॉगिन किया जा सकता है।
वाई-फाई के नाम यानी SSID को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाया। उनका कहना था कि ऐप इस जानकारी को लोकेशन से जोड़ सकता है। इससे एक ही घर में रहने वाले लोगों के अकाउंट की पहचान और उनके हिसाब से मार्केटिंग करना संभव हो सकता है। बैटरी को लेकर दावा था कि कम बैटरी होने पर ऐप समझ जाता है कि यूजर जल्दी में है।
Blinkit ने क्या सफाई दी?
वीडियो वायरल होने के बाद Blinkit की Android टीम ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से जवाब दिया। कंपनी ने कहा कि वीडियो में बताई गई ज्यादातर चीजें जासूसी या मार्केटिंग के लिए नहीं, बल्कि ऐप को बेहतर बनाने के लिए इस्तेमाल होती हैं। कंपनी के मुताबिक Zomato और District जैसे Eternal ग्रुप के ऐप्स की मौजूदगी इसलिए चेक की जाती है ताकि ‘Login with Zomato’ जैसी सुविधा ठीक से काम करे। WhatsApp का इस्तेमाल रेसिपी शेयर करने और उससे जुड़े सामान की कार्ट बनाने के लिए होता है। Instagram का इस्तेमाल सालभर की रिकैप स्टोरी शेयर करने के लिए किया जाता है।
एक्सेसिबिलिटी और परफॉर्मेंस के लिए डेटा
फॉन्ट साइज और स्क्रीन रीडर जैसी सेटिंग्स को लेकर कंपनी ने कहा कि इनका मकसद दिव्यांग और अलग जरूरतों वाले यूजर्स के लिए ऐप को आसान बनाना है। वाई-फाई के नाम का इस्तेमाल परफॉर्मेंस बेहतर करने के लिए होता है। कंपनी नेटवर्क के हिसाब से लोकेशन कैश करती है ताकि अगली बार उसी वाई-फाई से ऐप खोलने पर GPS का इंतजार न करना पड़े। बैटरी और CPU की जानकारी भी इसलिए ली जाती है ताकि कम क्षमता वाले फोन में गैरजरूरी एनिमेशन कम करके ऑर्डर की प्रक्रिया को तेज रखा जा सके। कंपनी ने बताया कि वह DroidCon India में पहले भी इन फीचर्स के बारे में बता चुकी है।
अनिका ने Blinkit के जवाब पर कंपनी का धन्यवाद किया। फिलहाल इस मामले ने फिर से सवाल खड़ा कर दिया है कि मोबाइल ऐप्स हमारी कौन-कौन सी जानकारी लेते हैं और उसका इस्तेमाल कैसे करते हैं।












