लखनऊ: उत्तर प्रदेश के एटा से चौंकाने वाली खबर सामने आई है, बता दें, जन्माष्टमी की झांकियां देखकर घर लौट रहे बाइक सवार छह लोगों के साथ शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। कोतवाली देहात क्षेत्र में करीब रात 11:30 बजे रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, हादसे में पांच साल के बच्चे और 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों का चल रहा इलाज
मृतकों की पहचान गंगानगर निवासी पांच वर्षीय अर्जुन और मिरहची थाना क्षेत्र के दत्तेई निवासी 17 वर्षीय श्याम सुंदर के रूप में हुई है। घायलों में कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी मोहल्ला निवासी गोविंद, बमनई निवासी जूली, वर्षा और गंगानगर निवासी सूरती शामिल हैं। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
झांकियां देखकर लौट रहे थे घर
बताया जा रहा है कि सभी लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर शहर में निकली झांकियां देखने के लिए आए थे। कार्यक्रम देखने के बाद देर रात वे एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। बाइक पर छह लोगों के सवार होने के कारण वह ओवरलोड थी और इससे बाइक के असंतुलित होने की बात भी सामने आई है। बाइक सवारों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक एटा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही थी, जबकि रोडवेज बस अलीगढ़ की ओर से जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह परिवार को मिली हादसे की जानकारी
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि इस दौरान सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रास्ते को साफ कराकर यातायात सामान्य कराया। इसके साथ ही पुलिस ने सभी घायलों और मृतकों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया लेकिन रात में किसी की पहचान नहीं हो सकी थी। शनिवार सुबह करीब छह बजे परिजन उन्हें तलाशते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्हें हादसे की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार हैं। घायलों की हालत ऐसी बताई गई कि वे तत्काल घटना के बारे में जानकारी देने की स्थिति में नहीं थे।
सीओ सिटी कृतिका सिंह ने बताया कि बस और बाइक की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार घायल हैं। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर सुबह करीब सात बजे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद से फरार है और मामले की जांच की जा रही है।












