नोएडा: लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। छठ घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए 15 और 16 नवंबर 2026 को भारी मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर विशेष नियंत्रण रहेगा। इस दौरान जरूरत के अनुसार विभिन्न मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। पुलिस उपायुक्त यातायात कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से जारी यातायात एडवाइजरी के अनुसार यमुना नदी स्थित कालिंदी कुंज, हिंडन नदी पुल कुलेसरा, चोटपुर-बहलोलपुर सेक्टर-63 और नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए में छठ पूजा के आयोजन को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
छह प्रमुख रास्तों पर बदलेगा यातायात
यातायात पुलिस के मुताबिक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से कालिंदी बॉर्डर होकर दिल्ली जाने वाले मालवाहक वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर मोड़ा जाएगा। ये वाहन डीएनडी अथवा चिल्ला मार्ग से आगे जा सकेंगे।
सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की तरफ भेजा जाएगा। सूरजपुर से कुलेसरा और फेस-2 जाने वाले वाहनों को कच्ची सड़क तिराहा से चौगानपुर गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन बिसरख गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
फेस-2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को ककराला की तरफ मोड़ा जाएगा। ये वाहन सोरखा और बिसरख होकर आगे बढ़ेंगे। किसान चौक से पर्थला जाने वाले वाहनों को बिसरख और सोरखा के रास्ते भेजा जाएगा, जबकि पर्थला से किसान चौक आने वाले वाहनों को सोरखा-बिसरख मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी प्राथमिकता
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग के वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी रुकावट के रास्ता दिया जाएगा। पुलिस की टीमें प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था पर नजर रखेंगी।
यातायात पुलिस की अपील
पुलिस उपायुक्त यातायात सैयद अली अब्बास ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे छठ पूजा के दौरान जारी यातायात एडवाइजरी का पालन करें, निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और अनावश्यक रूप से आयोजन स्थलों के आसपास वाहन लेकर न पहुंचें। किसी भी यातायात संबंधी परेशानी के लिए यातायात हेल्पलाइन 9971009001, व्हाट्सऐप नंबर 7065100100 और एक्स हैंडल @noidatraffic पर संपर्क किया जा सकता है।












