मौसम ने बढ़ाई मुश्किलें! भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा पर ब्रेक, 16 राज्यों में अलर्ट

0
10
Today Weather Update
Today Weather Update

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मानसून पूरी ताकत से सक्रिय है. लगातार हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ गई है. मौसम विभाग ने 3 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है.

दिल्ली में तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आने वाले तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. हाल की बारिश के कारण राजधानी और एनसीआर के कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई. बुधवार को भी भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

यूपी और बिहार में भी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 3 अगस्त तक कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. नोएडा, मेरठ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, बरेली और मुरादाबाद सहित कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 

बिहार में भी 29 और 30 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है.

उत्तराखंड के 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और टिहरी में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. खराब मौसम और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है.

हिमाचल में भी बढ़ा खतरा

हिमाचल प्रदेश में 31 जुलाई तक तेज बारिश और तूफान का अलर्ट जारी है. शिमला, मंडी, कुल्लू और आसपास के इलाकों में भारी वर्षा के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here